Saturday, May 4, 2024
Homeहरियाणारोहतकहरियाणा में थमा 4500 बसों का पहिया, भाईदूज के त्यौहार पर परेशान...

हरियाणा में थमा 4500 बसों का पहिया, भाईदूज के त्यौहार पर परेशान होते रहे यात्री

- Advertisment -

मृतक ड्राइवर राजवीर के परिजनों का सोमवार रात से अंबाला कैंट बस स्टैंड पर धरना जारी है। परिजन बर्फ में ड्राइवर का शव साथ लेकर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने के बाद ही वह बस स्टैंड से शव उठाकर अंतिम संस्कार करेंगे।

- Advertisment -

रोहतक। हरियाणा रोडवेज के सभी ड्राइवर और कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। वजह अंबाला में रोडवेज ड्राइवर राजवीर की हत्या के बाद पुलिस का ढुल मुल रवैया है। सोनीपत के पटेल नगर निवासी राजबीर की अंबाला कैंट के बस अड्डा परिसर में हत्या कर दी गई थी। मृतक के बेटे अमित की शिकायत के बावजूद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन चक्का जाम होने के बाद ऐसी सूचना दी जा रहे है कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिससे सभी रोडवेज कर्मचारियों में रोष बना हुआ है।

प्राइवेट वाहनों के इंतजार में यात्री
परेशान होकर भटकते रहे यात्री

हरियाणा रोडवेज यूनियन ने रात 12 बजे से प्रदेशभर में चक्का जाम कर दिया है, जिसके बाद से भाईदूज त्यौहार के लिए जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। आज बुधवार सुबह जब यात्री बस स्टैंड पर पहुंचे तो उन्हें रोडवेज चक्का जाम की वजह से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी देर इंतजार करने के बाद किसी को या तो मायूस होकर अपने घर वापस लौटना पड़ा या फिर प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ा। इनमें अधिकांश नौकरीपेशा कर्मचारी और छात्रों के अलावा वैसे लोग भी शामिल थे, जिन्हें भैया दूज पर या तो अपनी बहन के घर जाना था या फिर किसी बहन को अपने भाई के यहां भैया दूज पर जाना था,लेकिन, रोडवेज का चक्का जाम होने से सभी को मायूसी हाथ लगी। हड़ताल के चलते कोई बस रवाना नहीं हो पाई। प्रदेश भर के बस स्टैंड पर भारी पुलिसबल तैनात किया गया है। यात्रियों को केवल प्राइवेट बसों और वाहनों का ही सहारा है। ज्यादातर रोडवेज बसें वर्कशॉप में ही खड़ी रही। कर्मचारी वर्कशॉप में धरने पर बैठे हुए हैं।

बस स्टैंड पर धरने पर बैठे रोडवेज कर्मचारी
रोडवेज का चक्का जाम

एक रोडवेज कर्मचारी ने बताया ‘ बुधवार तड़के से रोडवेज कर्मी बस अड्डा के गेट पर बैठकर नरेबाजी कर रहे हैं। कई रोडवेज कर्मी तड़के सवा चार बजे रोहतक डिपो के गेट पर एकत्रित हुए। उन्होंने इस दौरान जमकर नारेबाजी की। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर दिवाली के दिन हमारे साथी की हत्या कर दी गई। हत्याकांड के बाद लगातार न्याय की मांग की जा रही है, लेकिन कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में आज मजबूरन रोडवेज का चक्का जाम करना पड़ा है। जब तक साथी को न्याय नहीं मिलता, तब तक रोडवेज का चक्का जाम रहेगा। यूनियन ने ड्राइवर राजवीर को शहीद का दर्जा, 50 लाख रुपए आश्रित को मुआवजा देने तथा परिवार के एक सदस्य को ग्रुप-सी में सरकारी नौकरी देने की मांग पर अडिग हैं।

सोशल मीडिया पर डाल दी हड़ताल की सूचना

रोडवेज कर्मचारियों का कहना है कि हमारी मंशा किसी भी यात्री को परेशान करने की नहीं है। हम केवल अपने मृतक साथी कर्मचारी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इसलिए हमने रोडवेज का चक्का जाम किया है। इसकी सूचना पहले ही सोशल मीडिया पर डाल दी थी। रोडवेज कर्मचारियों का कहना है कि पिछले 4 रोज से उनके मृतक साथी का परिवार न्याय के लिए दर-दर की ठोकरे खा रहा है, लेकिन सरकार और प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। यही वजह है कि मजबूरी में चक्का जाम करना पड़ा है। उन्होंने चेतावनी भी दी कि जब तक मृतक साथी कर्मचारी के परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक चक्का जाम के फैसले को वापस नहीं लिया जाएगा।

हरियाणा के परिवहन मंत्री करेंगे मीटिंग

वहीं, ड्राइवर की मौत पर हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस हत्या में जो भी 3 दोषी थे, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। आपको बता दें मंगलवार को अंबाला डीसी डॉ. शालिन के साथ बातचीत विफल होने के बाद सांझा मोर्चा ने सरकार को रात 12 बजे तक का अल्टीमेटम देते हुए प्रदेशभर में चक्का जाम करने का ऐलान कर दिया था। जिसके बाद हरियाणा सरकार भी हरकत में आई। इसके बाद परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कदम उठाया है। सांझा मोर्चा एवं परिजनों के एक शिष्टमंडल को परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने मीटिंग के लिए बुला लिया है। संघ के पदाधिकारियों के साथ परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा आज शाम 5 बजे चंडीगढ़ में वार्ता करेंगे।

मृतक ड्राइवर राजवीर, जिनकी अंबाला कैंट में ड्यूटी की दौरान की गई हत्या
यह है पूरा मामला

वही मृतक ड्राइवर राजवीर के परिजनों का सोमवार रात से अंबाला कैंट बस स्टैंड पर धरना जारी है। परिजन बर्फ में ड्राइवर का शव साथ लेकर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने के बाद ही वह बस स्टैंड से शव उठाकर अंतिम संस्कार करेंगे। जानकारी के अनुसार राजवीर पर डस्टर सवार बदमाशों ने दिवाली की रात अंबाला कैंट बस स्टैंड की पार्किंग में कहासुनी होने पर हमला किया था। राजवीर की गंभीर हालत को देखते हुए PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया था। यहां राजवीर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। सोमवार शाम को राजवीर के शव का पोस्टमार्टम हुआ था। जिसके बाद परिजन चंडीगढ़ से सीधा उसके शव को अंबाला कैंट बस स्टैंड पर लेकर आए और यहां धरना शुरू किया। राजवीर के शव का अंतिम संस्कार न करने तथा चक्का जाम के बाद से शासन-प्रशासन दोनों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular