Saturday, April 27, 2024
Homeहरियाणारोहतकमनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी का रोहतक में विरोध, सड़कों पर उतरे आप...

मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी का रोहतक में विरोध, सड़कों पर उतरे आप कार्यकर्ता

आप नेता अशोक तंवर व अनुराग ढांडा की अगुवाई में कार्यकर्ता रोहतक में सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों का हुजूम सड़क पर नारेबाजी करते हुए भाजपा के प्रदेश कार्यालय का घेराव करने निकला। प्रदर्शन के चलते किसी भी अपरिहार्य स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

रोहतक। दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को शराब घोटाला मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को पूछताछ के लिए बुलाया था। 8 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद सीबीआई ने उन्हें कल शाम 7:15 बजे अरेस्ट कर लिया। इसके बाद उनके परिवार को इस संबंध में जानकारी दी गई। थोड़ी ही देर में उनकी राउज एवेन्यू कोर्ट में उनकी पेशी होगी। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी नेता व दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए हैं। पार्टी कार्यकर्ता भाजपा के प्रदेश कार्यालय का घेराव करने सड़क पर निकल पड़े हैं।

सीबीआई का आरोप है कि मनीष सिसोदिया ने शराब घोटाले में आपराधिक साजिश रची और उन्होंने सबूतों को मिटाने की कोशिश की। उधर, इस मामले पर रोहतक में राजनीति भी शुरू हो गई है। मनीष बेकसूर हैं, उनकी गिरफ्तारी गंदी राजनीति है। आम आदमी पार्टी ने सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया। सोमवार को आप कार्यकर्ता मानसरोवर पार्क में एकत्र हुए। यहां दिल्ली के उपमुख्यमंत्री की गिरफ्तारी पर नाराजगी जताते हुए रोष प्रकट किया।

आप नेता अशोक तंवर व अनुराग ढांडा की अगुवाई में कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों का हुजूम सड़क पर नारेबाजी करते हुए भाजपा के प्रदेश कार्यालय का घेराव करने निकला। प्रदर्शन के चलते किसी भी अपरिहार्य स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। मानसरोवर पार्क से भाजपा कार्यालय तक पुलिस के जवान सुरक्षा के लिए विशेष रूप से नियुक्त किए गए। पुलिस द्वारा आप कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए जबरदस्ती की गई। उन्हें खदेड़ने के चक्कर में लाठीचार्ज भी किया गया।

लाठीचार्ज के बाद आक्रोशित आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं और पुलिस में दोबारा धक्कामुक्की हुई। जिसके बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय के बाहर बेरिकेडिंग पर फिर आप कार्यकर्ता और पुलिस बल आमने-सामने हुए। पुलिस ने राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता, अनुराग ढांडा और अशोक तंवर को लिया हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही सैंकडों अन्य आप कार्यकर्ताओं को भी पुलिस हिरासत में ले लिया गया। अनुराग ढांडा को पुलिस घसीटकर बस में ले गयी। लाठीचार्ज में अनुराग को नाक एवं हाथ पर भी चोटें आई है। हरियाणा रोडवेज की बसों में भरकर आप कार्यकर्ताओं को ले जाया गया।

अनुराग ढांडा ने कहा कि ये आंदोलनकारियों की आवाज है लाठी के जोर से दबाई नहीं जा सकती। मनीष सिसोदिया को झूठे मुकदमे में गिरफ्तार करके सरकार ने तानाशाही और अघोषित इमरजेंसी का परिचय दिया है। वहीँ आप के वरिष्ठ नेता अशोक तंवर ने कहा कि हम सरकार की लाठी-गोली से डरने वाले नहीं है। जितना सरकार आवाज को दबाने का प्रयत्न करेगी उतनी ही आवाज बुलंद होगी। ये गंदी राजनीति नहीं चलेगी।

आप नेता सुशील कुमार समेत कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की गई है। हरियाणा रोडवेज की पूरी बस में भरकर कार्यकर्ताओं को ले जाया गया है। आप नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि ये आबकारी का मामला ही नहीं है बल्कि डिप्टी सीएम ने 20 लाख बच्चों के लिए शानदार सरकारी स्कूल खोले हैं उसकी वजह से सिसौदिया जी की जो साख बनी है उससे बीजेपी घबरा गई है इसलिए ये गन्दी राजनीति खेल रही है।

मौके पर महम एएसपी हेमेंद्र मीना, एएसपी कृष्ण लोहचब, डीएसपी विवेक कुंडू, डीएसपी रविंद्र कुमार मौजूद रहे। प्रदर्शन के लिए सड़क पर उतरे आप कार्यकर्ताओं की भीड़ के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। शहर के मानसरोवर पार्क के बाहर सुभाष चौक के अलावा अंबेडकर चौक, सोनीपत स्टैंड, मानसरोवर पार्क सोनीपत रोड गेट, अंबेडकर चौक से किला रोड व एलिवेटेड रोड जाने वाली सड़क पर भी वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

- Advertisment -
RELATED NEWS

Most Popular