Wednesday, September 16, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में बाइक चोरों का बेकाबू गैंग; हर दिन औसतन दो वाहन...

रोहतक में बाइक चोरों का बेकाबू गैंग; हर दिन औसतन दो वाहन हो रहे गायब…

कविता.रोहतक : शहर में बाइक चोरों का नेटवर्क पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। अस्पतालों, पार्कों, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर खड़े दुपहिया वाहन सबसे आसान निशाना बन रहे हैं।

वर्ष 2025 में 582 वाहन चोरी के मामले दर्ज हो चुके हैं। यानी औसतन हर दिन करीब तीन वाहन चोरी हो रहे हैं। इनमें से 330 मामलों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

पीजीआई से पार्क तक, हर जगह चोरों की नजर

पीजीआईएमएस परिसर, मानसरोवर पार्क, हुडा पार्क और न्यू बस स्टैंड जैसे स्थान वाहन चोरों के पसंदीदा ठिकाने बन चुके हैं। यहां रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। भीड़ का फायदा उठाकर चोर कुछ ही मिनटों में बाइक लेकर फरार हो जाते हैं। कई पीड़ितों का कहना है कि वाहन खड़ा करने के बाद लौटने पर उन्हें खाली जगह ही मिली।

582 मामले दर्ज, 330 अब भी अनसुलझे

पिछले साल 2025 में 582 वाहन चोरी के मामले दर्ज हुए हैं। इनमें 252 मामलों का खुलासा हो सका, जबकि 330 मामले अभी भी लंबित हैं। यानी आधे से अधिक पीड़ित अब तक अपने वाहन वापस मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

सार्वजनिक पार्किंग बनी सबसे कमजोर कड़ी

अधिकांश चोरी उन जगहों से हो रही हैं जहां पार्किंग तो है, लेकिन निगरानी व्यवस्था कमजोर है। कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं और जहां लगे हैं, वहां उनकी मॉनिटरिंग प्रभावी नहीं है। ऐसे में चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि पार्किंग प्रबंधन में सुधार किए बिना चोरी पर रोक लगाना मुश्किल होगा।

चोरी के बाद लंबी पड़ती है तलाश

वाहन चोरी होने के बाद पीड़ितों को थाने से लेकर बीमा कंपनी तक चक्कर काटने पड़ते हैं। कई मामलों में वाहन महीनों तक बरामद नहीं हो पाते। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ती है। खासकर नौकरीपेशा और छात्रों के लिए बाइक चोरी बड़ी समस्या बन जाती है।

सिर्फ पुलिस नहीं, वाहन मालिकों को भी सतर्क रहना होगा

केवल पुलिस कार्रवाई के भरोसे चोरी नहीं रोकी जा सकती। वाहन मालिकों को अतिरिक्त लॉक, जीपीएस ट्रैकर और सुरक्षित पार्किंग का उपयोग करना चाहिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी वाहन को बिना सुरक्षा के छोड़ना जोखिम बढ़ा रहा है।

हॉट स्पॉट : जहां सबसे ज्यादा हो रही वाहन चोरी

पीजीआईएमएस परिसर, मानसरोवर पार्क, हुडा पार्क, राजीव गांधी खेल परिसर, रेलवे स्टेशन के पास, दिल्ली बाईपास और न्यू बस स्टैंड ऐसे स्थान हैं, जहां लगातार वाहन चोरी की शिकायतें सामने आती रही हैं।

2025 में वाहन चोरी

  • दर्ज मामले : 582
  • खुलासा : 252
  • लंबित : 330
  • औसत : प्रतिदिन करीब 3 वाहन चोरी
RELATED NEWS
spot_img

Most Popular