Monday, November 2, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक डिपो में रोडवेज कर्मचारियों का प्रदर्शन : 5 व 6 नवंबर...

रोहतक डिपो में रोडवेज कर्मचारियों का प्रदर्शन : 5 व 6 नवंबर को प्रदेशव्यापी हड़ताल, चक्का जाम की चेतावनी

रोहतक : हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के बैनर तले सोमवार को रोहतक डिपो में हिसार और सिरसा के कर्मचारियों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार और परिवहन विभाग के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए 5 व 6 नवंबर 2026 को पूरे प्रदेश में दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल करने का ऐलान किया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी जायज मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो प्रदेशभर में रोडवेज का चक्का जाम किया जाएगा।

सांझा मोर्चा के सदस्य सुरेश नेहरा और जोगेंद्र ढुल ने बताया कि तत्कालीन परिवहन मंत्री के साथ कर्मचारी संगठनों की मांगों को लेकर वार्ता हुई थी। इस दौरान पूर्व परिवहन मंत्री ने कर्मचारियों की सभी मांगों को जायज मानते हुए उन्हें लागू करने के लिए एक महीने का समय दिया था। लेकिन आश्वासन के बावजूद मांगों को आज तक लागू नहीं किया गया। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है और उन्हें सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बार-बार आश्वासन देने के बावजूद मांगें लागू न करना कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी है। सरकार और परिवहन विभाग की अनदेखी के चलते कर्मचारियों का विश्वास कमजोर हुआ है।

मोर्चा के नेताओं ने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में चालक-परिचालकों के वेतनमान एवं ग्रेड-पे में सुधार, नई भर्तियां शुरू करना, पदोन्नति की समय-सीमा निर्धारित करना, स्थानांतरण नीति में सुधार करना, HKRN के माध्यम से नियुक्त परिचालकों को नियमित करना, वर्ष 2016 में नियुक्त चालकों को नियुक्ति तिथि से पक्का करना, वर्कशॉप कर्मचारियों की तकनीकी पदोन्नति करना तथा अर्जित अवकाश सहित अन्य लंबित सेवा संबंधी मांगों का समाधान करना शामिल है।

सांझा मोर्चा ने स्पष्ट किया कि 5 व 6 नवंबर की दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ कर्मचारियों की एकजुटता का संदेश होगी। यदि इसके बाद भी सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया और उनका समाधान नहीं किया तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर प्रदेशभर में रोडवेज का चक्का जाम किया जाएगा।

मोर्चा के नेताओं ने प्रदेश के सभी रोडवेज कर्मचारियों से अपील की कि वे 5 व 6 नवंबर की हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी एकता का परिचय दें।

RELATED NEWS

Most Popular