Xiaomi Layoffs: स्मार्टफोन बनाने वाली जानी-मानी कंपनी शाओमी इंडिया (Xiaomi India) बीते कुछ वक्त से घाटे में चल रही है। भारत के बाजार में हिस्सेदारी कम होने के कारण कंपनी को काफी नुकसान हो रहा है। घाटे के बीच कंपनी ने कर्मचारियों की छंटनी (Xiaomi Layoffs) करनी शुरु कर दी है।
खबर है कि शाओमी इंडिया अपने कारोबारी ढांचे में बदलाव कर रही है। बदलाव करने के लिए कंपनी अपने कर्मचारियों में छंटनी करेगी।
कर्मचारियों की संख्या 1 हजार से कम करेगा शाओमी इंडिया (Xiaomi Layoffs)
शाओमी इंडिया की योजना है कर्मचारियों की संख्या 1 हजार से कम की जायें। इस साल की शुरुआत में कंपनी के 1400-1500 कर्मचारी थे। इससे पहले पिछले हफ्ते कंपनी ने 30 कर्मचारियों की छुट्टी की थी और अब धीरे-धीरे कुल कर्मचारियों की संख्या 1 हजार से नीचे लाएगी यानी 30 प्रतिशत से ज्यादा कर्मचारियों को झटका लग सकता है।
ईटी की खबर के मुताबिक शाओमी इंडिया की कारोबारी संरचना में हो रहे व्यापक बदलाव के चलते फिलहाल निर्णय लेने का ज्यादातर अधिकार चीन स्थित पैरेंट कंपनी के पास चला गया है। अब चीन स्थित पैरेंट कंपनी ही शाओमी इंडिया के ऑपरेशन से जुड़े अधिकांश फैसले ले रही है।
कारोबार के हिसाब से तय होगी कर्मचारियों की संख्या
वहीं शाओमी इंडिया के प्रवक्ता का कहना है कि भारतीय इकाई के पास पूरा अधिकार है और कर्मचारी कितने होंगे, यह कारोबार के हिसाब से तय होता है। इस संबंध में प्रवक्ता ने आगे कहा कि जब और जैसी भी जरूरत होगी कर्मचारियों की हायरिंग की जायेगी।
भारतीय बाजार में शाओमी को बड़ा झटका
साल 2023 की तिमाही में शाओमी इंडिया के कारोबार में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। इससे ठीक एक साल पहले शाओमी इंडिया की शिपमेंट का आंकड़ा 7-8 मिलियन रहा था लेकिन अब यह केवल 5 मिलियन पर रह गया है। भारतीय बाजार में पहले स्थान पर कब्जा बनाने वाली शाओमी अब काफी पीछे हो गई है।अभी पहले पायदान पर सैमसंग है, जबकि दूसरे स्थान पर वीवो है।
ये भी पढ़ें- अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था कल होगा रवाना