Tuesday, May 7, 2024
Homeहरियाणाहिसारनफे सिंह स्टाइल में सरपंच की हत्या, टेकओवर की गाड़ी, बरसाई दना-दन...

नफे सिंह स्टाइल में सरपंच की हत्या, टेकओवर की गाड़ी, बरसाई दना-दन गोलियां…

- Advertisment -
- Advertisment -

हिसार। नफे सिंह राठी की 25 फरवरी को गोलियों की बौछार कर के हत्या कर दी गई थी। उनकी गाडी को बदमाशों ने टेकओवर कर के वारदात को अंजाम दिया था। अब ठीक वैसी ही वारदात हिसार जिले के कंवारी गांव में हुई जब सरपंच संजय दुहन कंवारी पर देर रात हमलावरों ने दनादन गोलियों की बौछार कर दी। गोलीबारी में संजय दुहन कंवारी की मौत हो गई। संजय दुहन एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे, तभी गांव में ही अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी टेकओवर की और ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी। संजय दुहन सरपंच एसोसिएशन के जिला प्रधान भी थे।

कंवारी गांव के सरपंच संजय दूहन रविवार को अपने एक साथी के साथ कार में सवार होकर नारनौंद के भैणी अमीरपुर गांव में शादी समारोह में गए थे। रात करीब पौने 9 बजे वह अपनी कार से वापस घर लौट रहे थे। संजय गांव कंवारी में जब पूर्व सरपंच महाबीर के घर के पास पहुंचे तो बदमाशों ने उनकी कार को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इसके बाद बदमाश अपनी कार में फरार हो गए। गोलियां चलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण दौड़े-दौड़े कार के पास आए और संजय को खून से लथपथ हालत में बाहर निकालकर हिसार के प्राइवेट अस्पताल में ले गए, लेकिन वहां जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। संजय को करीब 6 गोलियां लगी। 5 निशान उनके पेट पर मिले हैं।

हत्या के बाद अस्पताल में पहुंचे हांसी के विधायक विनोद भ्याणा

वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद हांसी विधायक विनोद भ्याणा सहित भारी पुलिस बल गांव और अस्पताल में पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने संजय का शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूर्व सरपंच से चुनावी रंजिश में संजय की हत्या की गई है। हांसी SP मकसूद अहमद ने हमलावरों को पकड़ने के लिए 3 टीमों का गठन किया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल को तैनात कर दिया गया। विधायक विनोद भ्याणा ने कहा रंजिश के चलते संजय दुहन की हत्या की गई है। बताया जा रहा है कि संजय पर भी उसी जगह हमला हुआ, जहां पिछले वर्ष 9 मार्च 2023 को पूर्व सरपंच के बेटे करण सिंह पर गोलियां दागी गई थीं।

ग्रामीणों के अनुसार संजय दूहन दूसरी बार सरपंच बने थे। संजय और पूर्व सरपंच महावीर के परिवार में लंबे समय से चुनावी रंजिश चल रही है। यह रंजिश पटौदी में एक शादी के दाैरान और बढ़ गई थी। डीजे पर नाचने के दौरान विवाद पर संजय व उनके बेटे पुनीत ने महावीर के बेटे कर्णपाल काे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद 8 मार्च 2023 होली के दिन कर्णपाल को 6 गोलियां मारी गई थी। कर्ण के परिवार की शिकायत पर संजय व बेटे पुनीत पर केस दर्ज हुआ। 2 अप्रैल को पुलिस ने संजय को गिरफ्तार किया था। करण पर फायरिंग के बाद गुस्साए लोगों ने सरपंच संजय दुहन के घर पर भी तोड़फोड़ की थी।

बताया जा रहा है कि कर्ण की हत्या के बाद से ही संजय दुहन लगातार हांसी पुलिस अधीक्षक से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग कर रहे थे, लेकिन उन्हें सुरक्षा नहीं मिली। करण सिंह पर हमले को लेकर संजय दुहन का बेटा पुनीत अभी भी जेल में बंद है। अब इस साल होली से ही करीब 22 दिन पहले संजय की हत्या हो गई। संजय को भी 6 गोलियां मारी गई हैं। हत्या को इसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। वर्ष 2009 में भी संजय पर हत्या का केस दर्ज हुआ था।

हांसी के DSP रविंद्र सांगवान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। SFL की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। 3 टीमों का गठन किया गया है। आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular