Saturday, September 19, 2026
Homeहरियाणारोहतकपार्कों में जाम छलकाने वालों की अब खैर नहीं, रोहतक पुलिस ने...

पार्कों में जाम छलकाने वालों की अब खैर नहीं, रोहतक पुलिस ने कसा शिकंजा

  • पार्क में जाम छलकाया तो पुलिस पहुंच जाएगी, अब तक 389 पर एक्शन
  • रात होते ही सार्वजनिक जगहों पर सजने वाली शराब की महफिलों पर पुलिस की सख्ती

कविता.रोहतक : दिन ढलते ही शहर के कुछ पार्कों और सार्वजनिक जगहों का माहौल बदल जाता है। कहीं दोस्तों की टोली जमा होती है तो कहीं सड़क किनारे बोतलें खुल जाती हैं। इसके बाद शुरू होती है शराब की महफिल और कई बार इसी के साथ हुड़दंग भी।

ऐसे लोगों के खिलाफ अब रोहतक पुलिस ने रात का पहरा बढ़ा दिया है। पुलिस का साफ संदेश है कि सार्वजनिक जगह पर शराब पीकर माहौल खराब किया तो कार्रवाई तय है।

389 लोगों पर पहुंची पुलिस की नजर

नाइट डोमिनेशन अभियान में पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वाले 389 लोगों पर कार्रवाई की। यह आंकड़ा बताता है कि रात के समय खुले में शराब पीना पुलिस के रडार पर आ चुका है। पुलिस की टीमें अलग-अलग इलाकों में गश्त करती रहीं और संदिग्ध स्थानों पर जांच की गई।

पार्कों में परिवार आएं या शराब की महफिल सजे

सार्वजनिक जगहों पर शराबखोरी का सबसे ज्यादा असर वहां दिखाई देता है, जहां परिवार और बच्चे घूमने पहुंचते हैं। शाम के बाद पार्कों में शराब की बोतलें लेकर बैठने वाले लोगों की वजह से दूसरे लोग असहज महसूस करते हैं। कई जगह शराब के बाद होने वाली हुड़दंगबाजी परेशानी को और बढ़ा देती है।

रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक पुलिस का पहरा

नाइट डोमिनेशन रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक चला। इस दौरान पुलिस अधिकारियों से लेकर जवानों तक को फील्ड में लगाया गया। जिलेभर में नाकाबंदी कर 3 हजार से ज्यादा वाहनों की जांच की गई। पुलिस की नजर सिर्फ शराब पीने वालों पर ही नहीं थी, बल्कि शराब पीकर वाहन चलाने और सड़क पर हुड़दंग करने वालों पर भी कार्रवाई की गई।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular