Monsoon Update : हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर में पिछले एक महीने से लगातार मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और लगातार टर्फ सक्रिय होने से बादलों की आवाजाही और तेज़ गति की हवाओं के साथ हल्की बारिश बूंदाबांदी की प्री मानसून गतिविधियां देखने को मिल रही है।
वहीं मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 24 से 48 घंटों के दौरान हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिलेगा। हरियाणा एनसीआर दिल्ली की जनता जनार्दन को मानसून की राहत भरी बौछारों से जल्द ही उमसभरी पसीना छूटाने वाली गर्मी से से छुटकारा और राहत मिलेगी।
मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि मानसून ट्रेन रूक- रूक कर भारत के उत्तरी पर्वतीय और मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर के लिए रवाना हो गई। जल्दी ही हरियाणा में दस्तक देंगी। क्योंकि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में हलचल होने से अब मानसून हवाओं को पंख लग जाएंगे। मानसून के हरियाणा एनसीआर दिल्ली में जुलाई महीने की शुरुआती दिनों में पहुंचने की प्रबल संभावना बनती नजर आ रही है। एक तरफ बंगाल की खाड़ी और लो प्रेशर एरिया का निर्माण होगा। जिससे हरियाणा एनसीआर दिल्ली में पूर्वी नमी वाली हवाएं मानसून को मजबूती प्रदान करेंगी। वहीं दूसरी तरफ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से दक्षिणी पंजाब और उत्तरी राजस्थान पर एक चक्रवातीय सर्कुलेशन बनने से अरब सागर से प्रचुर मात्रा में नमी पहुंचने से यानी दोनों मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से जुलाई महीने की शुरुआत से यानी 1 जुलाई से ही मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। जो लगातार एक सप्ताह तक जारी रहेगा।
कुल मिलाकर जुलाई महीने के पहले सप्ताह के शुरुआती दिनों में हरियाणा एनसीआर दिल्ली में इन मौसम प्रणालीयों के संयुक्त असर से मानसून गतिविधियां भी शुरू हो जाएगी और भारतीय मौसम विभाग द्वारा हरियाणा एनसीआर दिल्ली में औपचारिक रूप से मानसून की घोषणा कर दी जाएगी।

