हिसार: चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने हरियाणा कृषि पारिस्थितिकी एटलस तैयार किया है। इस एटलस को आधिकारिक रूप से कॉपीराइट मिला है।
कृषि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा तैयार इस एटलस का विमोचन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज ने किया। यह एटलस कुलपति के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में तैयार किया गया है।
कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज ने बताया कि इस एटलस में हरियाणा के कृषि और जलवायु क्षेत्रों का वैज्ञानिक अध्ययन किया गया है। इससे किसानों, वैज्ञानिकों और नीति बनाने वाले लोगों को फसलों के सही चयन, पानी के बेहतर उपयोग और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्राकृतिक संसाधनों का सही उपयोग जरूरी है। यह एटलस खेती की योजना बनाने, उपजाऊ भूमि को बचाने और कृषि उत्पादन बढ़ाने में उपयोगी साबित होगा।
हरियाणा के जलवायु क्षेत्रों में आया बदलाव
कुलपति ने बताया कि वर्ष 1988 से 2022 के बीच हरियाणा के जलवायु क्षेत्रों में कई बदलाव देखने को मिले हैं। हरियाणा में पहले केवल तीन जलवायु क्षेत्र माने जाते रहे हैं लेकिन अब नए शोध में चौथा नम उपाद्र्र क्षेत्र पहाड़ी क्षेत्रों में अवतरित हो रहा है। यह क्षेत्र जलवायु परिवर्तन का प्रतिबिम्ब है। इसके अतिरिक्त अध्ययन के अनुसार, राज्य में शुष्क क्षेत्र का दायरा घटा है, जबकि अर्धशुष्क क्षेत्र का विस्तार हुआ है। अर्धशुष्क क्षेत्र का हिस्सा वर्ष 1988 में 48.7 प्रतिशत था, जो वर्ष 2024 में बढक़र 65 प्रतिशत हो गया। यह बदलाव भविष्य में फसलों के चयन और जल व अन्य संसाधनों के प्रबंधन की योजना बनाने में महत्वपूर्ण रहेगा।
जलवायु के अनुसार फसलों के चयन में मिलेगी मदद
अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग ने बताया कि यह एटलस मौसम से जुड़े आंकड़ों और खेती की जरूरतों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का काम करेगा। इससे वैज्ञानिक अलग-अलग क्षेत्रों की जलवायु के अनुसार फसलों की किस्मों और पानी के प्रबंधन की बेहतर योजना बना सकेंगे। उन्होंने बताया कि एटलस में तापमान, वर्षा, आद्रता, वायु, मिट्टी व अन्य मद्दों के आधार पर कृषि के लिए विभिन्न जलवायु क्षेत्रों की जानकारी दी गई है। इससे वैज्ञानिक व किसान अपने क्षेत्र की जलवायु और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार फसलों का चयन व अध्ययन कर सकेंगे और कम संसाधनों में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकेंगे।
चार कृषि पारिस्थितिकी क्षेत्रों में बांटा गया हरियाणा
एटलस में हरियाणा को चार प्रमुख कृषि पारिस्थितिकी क्षेत्रों में बांटा गया है। इनमें शुष्क, अर्धशुष्क, शुष्क उपाद्र्र व नम उपाद्र्र क्षेत्र शामिल हैं। नम उपाद्र्र क्षेत्र हरियाणा की पृष्ठ भूमि पर उत्तर के पहाड़ी क्षेत्रों पर उपस्थित पाया गया है। एटलस में अलग-अलग क्षेत्रों की जलवायु में आए बदलाव, फसलों की खेती के तरीकों में परिवर्तन, पानी पर निर्भर फसलों और नकदी फसलों व तिलहनों के बढ़ते क्षेत्र तथा पारंपरिक वर्षा आधारित फसलों में आई कमी की जानकारी दी गई है। यह एटलस किसानों, वैज्ञानिकों, कृषि विस्तार अधिकारियों और नीति निर्माताओं के लिए उपयोगी साबित होगा।
इस एटलस को तैयार करने वाली टीम में डॉ. अनुराग, डॉ. रामनिवास, डॉ. एम.एल. खीचड़, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. चंद्रशेखर तथा डॉ. राजबीर गर्ग शामिल हैं। इस अवसर पर ओएसडी डॉ. अतुल ढींगड़ा, मीडिया एडवाइजर डॉ. संदीप आर्य, डॉ. दिनेश तोमर, डॉ. योगेश जिंदल तथा डॉ. जितेन्द्र भाटिया उपस्थित रहे।

