Monday, June 15, 2026
Homeहरियाणागाड़ी लूट मामला : आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़, एक आरोपी के...

गाड़ी लूट मामला : आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़, एक आरोपी के पैर में लगी गोली

कुरुक्षेत्र पुलिस और लूट मामले के आरोपियों के बीच मुठभेड़ में एक आरोपी को पैर में गोली लगी है। रविवार रात को अपराध अन्वेषण शाखा-2 की टीम लूट मामले के आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची थी। जहां पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस टीम ने अपने बचाव में फायरिंग की  तो आरोपी विशाल वासी कर्ण विहार करनाल के पैर में  गोली जालगी। घायल आरोपी को अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहीं दूसरे आरोपी लविश उर्फ़ लाडी वासी किछाना जिला कैथल को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी देते हुए डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार ने बताया कि 12 जून 26 को पुलिस को दी अपनी शिकायत में मंजीत कुमार ने बताया कि वह टैक्सी चलता है। उसके पास होंडा सिटी कार है। 12 जून को रात को करीब 8.30 बजे चार युवकों ने उसे अंबाला से कैथल जाने के लिए उसकी कार को बुक किया था। वह चारों युवकों को लेकर अंबाला से कैथल के लिए चला था। समय करीब 9-40 बजे रात को जब वो पिहोवा के गांव अरुणाय के बस स्टैंड एनएच-152 पर पहुंचे तो उन्होंने लघु शंका के लिए उसे रोक लिया। थोड़ी देर बाद जब वो चलने लगे तो एक आरोपी ने उसकी कनपटी पर पिस्टल लगाकर उससे गाड़ी छीनकर सभी आरोपी भाग गए। उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और थाना शहर पिहोवा में मामला दर्ज करके जांच की गई। आरोपियों द्वारा छीनी गई कार 13 जून को गांव बबुवा जिला हिसार से बरामद हुई थी। गाड़ी से बरामद मोबाइल के आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया।

15 जून 26 को अपराध अन्वेषण शाखा-2 की टीम को सूचना मिली थी कि मामले के आरोपी कुरुक्षेत्र पिहोवा मार्ग पर गांव मुर्तजापुर नरवाना ब्रांच नहर के पास घूम रहे हैं। सूचना पर अपराध अन्वेषण शाखा-2 की टीम आरोपियों को गिरफ्तार करने गांव मुर्तजापुर के पास पहुंची जहां पर आरोपी विशाल ने पुलिस टीम को देखकर एकदम गोली चला दी। पुलिस टीम ने हवाई फायर करते हुए आरोपियों को हथियार फेंकने की चेतावनी दी लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर दोबारा फायर कर दिया। पुलिस टीम ने भी जबाबी फायर किया तो एक गोली आरोपी विशाल के पैर में लगी। दूसरे आरोपी को पुलिस ने काबू किया। आरोपियों की पहचान विशाल वासी कर्ण विहार करनाल व लविश वासी किछाना जिला कैथल के रूप हुई। मौका से आरोपियों द्वारा प्रयोग की गई एक पिस्टल 32 बोर व 4 खाली खोल बरामद हुए। घायल आरोपी विशाल को सरकारी हस्पताल में दाखिल कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने 6 और आरोपियों को किया गिरफ्तार: डीएसपी

जानकारी देते हुए डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि इस मामले में 6 और आरोपियों को गिरफतार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी अभिषेक वासी कसान जिला कैथल, अजय वासी जखौली जिला कैथल, जसकरण व कमलजीत सिंह उर्फ कमली वासीयान सिंगपुरा जिला मोहाली पंजाब, रोहित कुमार वासी कुराली जिला मोहाली पंजाब व निखिल उर्फ़ नकुल वासी ढांड जिला कैथल को गिरफतार कर लिया। आरोपियों का पिछला रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि घायल आरोपी विशाल, लविश उर्फ़ लाडी. रोहित कुमार व कमलजीत उर्फ कमली ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी निखिल वासी ढांड जिला कैथल ने लूट की योजना बनाने के बाद आरोपियों को असला उपलब्ध करवाया था। आरोपी अभिषेक, अजय व जसकरण लूट की योजना बनाने में शामिल थे। सभी आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया ।

आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक थे। आरोपियों द्वारा पंजाब और करनाल जिला में किसी बड़ी वारदातों को अंजाम देने की फिराक में थे। आरोपियों ने ढांड जिला कैथल में भी किसी व्यक्ति से फिरौती मांगी थी।

RELATED NEWS

Most Popular