Saturday, October 31, 2026
Homeहरियाणारोहतकपदयात्रा से बदलेगा रोहतक शहर का ट्रैफिक गणित, सोनीपत स्टैंड से पीजीआई...

पदयात्रा से बदलेगा रोहतक शहर का ट्रैफिक गणित, सोनीपत स्टैंड से पीजीआई तक बदलेंगे रास्ते

रोहतक शहर में एक नवंबर को यानी कल होने वाली भाजपा की पदयात्रा का असर केवल दिल्ली रोड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके चलते शहर की प्रमुख सड़कों पर यातायात का पूरा गणित बदलने वाला है। दिल्ली रोड पर डी-पार्क से सेक्टर-14 चौक तक वाहनों की आवाजाही बाधित रहेगी।

इसका असर सोनीपत स्टैंड, शीला बाईपास, दिल्ली बाईपास और पीजीआईएमएस की तरफ आने-जाने वाले वाहन चालकों पर भी पड़ेगा। ऐसे में रविवार को घर से निकलने से पहले रास्ते की जानकारी लेना जरूरी होगा। रोहतक पुलिस ने सुबह 7 बजे से रूट डायवर्जन लागू करने की तैयारी की है। इस दौरान संबंधित मार्ग पर केवल एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस वाहनों को ही जाने की अनुमति होगी।

छोटूराम पॉलिटेक्निक से डी-पार्क तक असर

एक नवंबर को पदयात्रा के आयोजन के चलते दिल्ली रोड पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। पुलिस के अनुसार छोटूराम पॉलिटेक्निक से डी-पार्क तक का मार्ग प्रभावित रह सकता है। वहीं डी-पार्क से सेक्टर-14 चौक तक यातायात के लिए नाकाबंदी की जाएगी। सुबह 7 बजे से इस व्यवस्था को लागू कर दिया जाएगा। इस दौरान सामान्य वाहनों को इस हिस्से से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। यानी दिल्ली रोड का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को पहले से ही वैकल्पिक रास्ता चुनना होगा।

पीजीआई जाने वालों की भी बढ़ेगी मुश्किल, एमडीयू के गेट से होकर पहुंचेंगे मरीज

दिल्ली बाईपास से पीजीआईएमएस जाने वाले वाहन चालकों को भी सीधे दिल्ली रोड का रास्ता नहीं मिलेगा। उन्हें एमडीयू के गेट नंबर एक और तीन से होकर पीजीआईएमएस पहुंचना होगा। इसी तरह पीजीआईएमएस से दिल्ली बाईपास की तरफ जाने वाले वाहनों को भी एमडीयू के दोनों गेटों से होकर निकलना पड़ेगा। बजरंग भवन की तरफ से पीजीआई जाने वाले वाहन चालकों के लिए श्रीनगर कॉलोनी का रास्ता निर्धारित किया गया है। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलना होगा।

सोनीपत स्टैंड से दिल्ली बाईपास तक बदलेगा रास्ता, शीला बाईपास बनेगा अहम विकल्प

पुलिस ने शहर के एक बड़े हिस्से में यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए हैं। सोनीपत स्टैंड से दिल्ली बाईपास जाने वाले वाहन चालकों को सोनीपत रोड और शीला बाईपास चौक से होकर जाना होगा। दिल्ली बाईपास से सोनीपत स्टैंड या अंबेडकर चौक की तरफ आने वाले वाहनों को भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। वहीं मॉडल टाउन जाने वाले वाहन चालकों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक रास्ते निर्धारित किए गए हैं। इससे शीला बाईपास और सोनीपत रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना रहेगी।

अशोका चौक से भी नहीं मिलेगी सीधी राह, झज्जर चुंगी और रुपया चौक से निकलेंगे वाहन

दिल्ली बाईपास की तरफ जाने वाले वाहन चालकों के लिए अशोका चौक से सीधा रास्ता प्रभावित रहेगा। ऐसे वाहन चालकों को अशोका चौक से झज्जर चुंगी और रुपया चौक होते हुए दिल्ली बाईपास पहुंचना होगा। वहीं दिल्ली बाईपास से मॉडल टाउन आने वाले वाहन शीला बाईपास चौक से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए रास्ते तय किए हैं, ताकि पदयात्रा के दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन चालक

  • सोनीपत स्टैंड से दिल्ली बाईपास, सोनीपत रोड-शीला बाईपास चौक
  • दिल्ली बाईपास से सोनीपत स्टैंड/अंबेडकर चौक, शीला बाईपास चौक-सोनीपत रोड
  •  दिल्ली बाईपास से पीजीआई, एमडीयू गेट नंबर 1 और 3
  • पीजीआई से दिल्ली बाईपास, एमडीयू गेट नंबर 3 और 1
  • बजरंग भवन से पीजीआई, श्रीनगर कॉलोनी
  • सोनीपत स्टैंड से मॉडल टाउन, सोनीपत रोड
  • दिल्ली बाईपास से मॉडल टाउन, शीला बाईपास चौक
  • अशोका चौक से दिल्ली बाईपास, झज्जर चुंगी-रुपया चौक
RELATED NEWS

Most Popular