Rohtak News : जी.डी. गोयनका इंटरनेशनल स्कूल, वर्ल्ड कैंपस रोहतक में हरियाणा दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कक्षा प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 9वीं तक के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
नन्हें-मुन्ने बच्चों ने हरियाणवी वेशभूषा में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं वरिष्ठ छात्रों ने हरियाणा के इतिहास, लोक-संस्कृति, वीरों की गाथा और किसान संस्कृति पर आधारित कविता, भाषण, फाग, प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका डॉ. मनीषा मायना ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, “हरियाणा वीरों और किसानों की धरती है। हमें अपनी संस्कृति और संस्कारों पर गर्व होना चाहिए। बच्चों का अपनी जड़ों से जुड़े रहना बहुत जरूरी है, तभी वे भविष्य में एक अच्छे नागरिक बन सकते हैं।
विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या सविता हुड्डा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “इस तरह के आयोजन बच्चों में अपने प्रदेश के प्रति सम्मान और अपनेपन की भावना को जागृत करते हैं। हमारा लक्ष्य बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अपनी समृद्ध संस्कृति से जोड़ना भी है। कार्यक्रम का समापन हरियाणवी लोकगीतों के साथ हुआ।

