Saturday, October 31, 2026
Homeहरियाणारोहतकनितिन नवीन की पदयात्रा से पहले रोहतक में झाड़ू लेकर सड़क पर...

नितिन नवीन की पदयात्रा से पहले रोहतक में झाड़ू लेकर सड़क पर उतरे BJP नेता और कार्यकर्ता

रोहतक : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की 1 नवंबर को रोहतक में प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की तैयारियों के तहत शनिवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मेडिकल मोड़ पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।

इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ स्वयं श्रमदान कर सफाई अभियान में भाग लिया। साथ ही, पदयात्रा मार्ग के आसपास स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से स्वच्छता को देशव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। इस अभियान की सार्थकता तभी सुनिश्चित होगी, जब प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपनी दिनचर्या और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सेवा और जनभागीदारी के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता है। सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना हम सभी का सामूहिक संकल्प होना चाहिए।

प्रदेशाध्यक्ष डॉ. गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पदयात्रा की तैयारियों के साथ-साथ स्वच्छता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में भी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि रोहतक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरे समर्पण और सुनियोजित ढंग से की जा रही हैं।

इस अवसर पर नगर निगम के मेयर राम अवतार वाल्मीकि, पूर्व प्रदेश महामंत्री सुरेन्द्र पूनिया, युवा आयोग के पूर्व चेयरमैन मुकेश गौड़ तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी भूपेश्वर दयाल भी उपस्थित रहे।

RELATED NEWS

Most Popular