रोहतक के शिव विहार कॉलोनी क्षेत्र में एक प्लॉट में आठ साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 8 वर्षीय संतोष के रूप में हुई। लोगों की सूचना पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिहार के रहने वाले नरेश रोहतक की शिव विहार कॉलोनी में अपनी पत्नी गीता और छह बच्चों के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर को संतोष दो अन्य बच्चों के साथ नजदीक स्थित करीब 400 गज के प्लॉट में भरे बारिश के पानी में नहाने गया था।
इसी दौरान संतोष गहरे पानी में डूब गया, जबकि दोनों अन्य बच्चे तैरकर बाहर निकल आए। लोगों की मदद से पुलिस ने शव को प्लॉट के अंदर तलाश किया और करीब आधा घंटे बाद शव बाहर निकाला जा सका। फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है।


