Wednesday, May 22, 2024
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में होटल पर डिनर करना युवकों को पड़ा भारी, दर्जन भर...

रोहतक में होटल पर डिनर करना युवकों को पड़ा भारी, दर्जन भर बदमाशों ने हमला कर 2 लाख लूटे

- Advertisment -

शीला बाईपास चौक के नजदीक एक दर्जन से ज्यादा बदमाशों ने दो दोस्तों पर चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बाद में एक दोस्त की जेब से 2 लाख रुपए लूटकर बदमाश फरार हो गए। इन बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। सिविल लाइन पुलिस स्टेशन में शुक्रवार को इस संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है।

- Advertisment -

रोहतक। रोहतक में आये दिन लूट के मामले सामने आ रहे हैं। दिल्ली बाईपास से शीला बाईपास के बीच दो दिन में दो वारदातें सामने आई हैं। जहां परसों देर रात दिल्ली से लौट रहे सेना के जवान से लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर लूट की वहीँ कल देर रात होटल पर डिनर करने गए दो दोस्तों के साथ दर्जन भर लुटेरों ने लूट को अंजाम दिया। उनकी गाडी को रोककर पहले चाकुओं और रॉड से हमला कर दिया फिर 2 लाख लूट कर फरार हो गए। घायल युवक ने इसकी शिकायत सिविल लाइंस थाना पुलिस में दर्ज करवाई है।

पुलिस को दी गई शिकायत में जींद के कसरौला गांव के रहने वाले हितेश लाठर ने बताया है कि वह भरत कालोनी रोहतक मे बतौर किरायेदार रहता है। रात करीब सवा दस बजे वह चिड़ी गांव निवासी अपने दोस्त अजय दलाल के साथ शीला बाई पास स्थित प्रतिज्ञा होटल पर खाना लेने के लिए गया था। उन्होंने अपनी गाड़ी पुल के नीचे ताज होटल के सामने खड़ी की थी। जब वह खाना ऑर्डर करने के बाद गाड़ी के पास जा रहा था तो उस समय 5 युवकों ने अचानक दोनों दोस्तों पर तेजधार हथियार और रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। दोनों दोस्तों को गंभीर चोटें मारी। इन बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी।

हमला करने के बाद बदमाशों ने अपने कुछ और साथियों को मौके पर बुला लिया। बदमाशों ने अजय पर चाकू और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और कार छीनने की कोशिश की। नाकाम रहने पर कार में तोड़ फोड़ शुरू कर दी। डरकर अजय दलाल वहां से मौका मिलते ही कार में बैठकर फरार हो गया। अजय के भागते ही उसका दोस्त हितेश लाठर अकेला रह गया। बदमाशों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसकी पैंट की जेब में रखे 2 लाख रुपए लूट लिए। घटना की जानकारी मिलने पर कुछ स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गये। जिसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। पीड़ित ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी है। सिविल लाइन पुलिस स्टेशन रोहतक में इस संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 148, 149, 323, 506, 427, 379 बी के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।

यह पहला मौका नहीं है जब रात के समय बदमाशों ने राहगीरों को घायल कर लूटा है। आये दिन ऐसी लूट को अंजाम दिया जा रहा है और पुलिस विभाग लम्बी तान कर सोता है। बुधवार देर रात करीब 10:30 बजे भारतीय सेना का जवान सुमित बस में दिल्ली से आकर शीला बाईपास पर उतरा। इसके बाद दिल्ली बाईपास पर बस पकड़ने के लिए पैदल जा रहा था। तभी पीछे बाइक पर तीन युवक आए। स्पीड कम करने के बाद आगे बढ़ गए। फिर करीब 10 मिनट बाद वापस लौटकर आए और उसे घेर लिया। कनपटी पर पिस्तौल लगाकर उसका बैग छीन फरार हो गए। आर्मी जवान ने बताया कि उसके पास जो बैग था, उसमें 6 हजार रुपए की नकदी, आधार कार्ड, पेनकार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आर्मी ड्रेस, बेल्ट कैप और सेना के जरूरी डॉक्युमेंट्स थे जिन्हें बदमाश लूटकर ले गए।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular