Wednesday, May 8, 2024
Homeहरियाणारोहतकमहम में बढ़ रहा क्राइम, कहीं गोलियां तो कहीं चाकू चलने से...

महम में बढ़ रहा क्राइम, कहीं गोलियां तो कहीं चाकू चलने से लोग दहशत में

- Advertisment -
- Advertisment -

महम। रोहतक के महम में बदमाशों के हौसले बुलंद हो रहे हैं, तो वहीँ क्राइम में भी लगातार इजाफा हो रहा है। एक सप्ताह पहले जहां बीच बाजार में ताबड़तोड़ गोलियां चली और डबल मर्डर को अंजाम दिया गया तो वहीँ गुरुवार को दिन दहाड़े घर में घुसकर महिला को चाक़ू मार कर लूट की वारदात हो गई। इस वजह से व्यापारी वर्ग और दुकानदार तो परेशान है ही घर में बैठे आम लोग भी दहशत में हैं। महिला पर जानलेवा हमले की वजह से तो लोगों में प्रशासन के खिलाफ खासी नाराजगी दिख रही है।

लोग घर और प्रतिष्ठान में भी सुरक्षित नहीं

सुरेंद्र रोहिला की बाजार में दर्जी की दुकान है। घटना की सूचना जब व्यापार मंडल के प्रधान जोगिंद्र गिरोत्रा व अन्य सदस्यों को मिली तो सभी सदस्य सुरेंद्र के घर गए और उन्हें साहस दिया। शहर में दिन दिहाड़े हुई इन वारदातों के बाद शहर के लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया है। क्योंकि लोग घर और प्रतिष्ठान में भी सुरक्षित नहीं रहे। ऐसी वारदातें पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़ा कर रही हैं। शहर के लोग चैन से सो पाएं और उन्हें दिन के समय भी भय महसूस न हो, इस बात का आश्वासन लेने की मांग को लेकर व्यापार मंडल महम के पदाधिकारी डीएसपी संदीप कुमार से मिले।

डीएसपी संदीप कुमार से मिलने पहुंचे शहर के दुकानदार व व्यापारी

बेखौफ हुए बदमाश

व्यापारियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की। व्यापार मंडल के सदस्यों ने डीएसपी से कहा कि महम में दुकानदार अपनी दुकान पर सुरक्षित नहीं है तो अब घर में घुसकर महिला पर हमला कर सोने के गहने छीन लिए। यह मकान ऐसी जगह पर है, जहां पर आम बदमाश वारदात करने की हिम्मत नहीं कर सकता। क्योंकि वहां पर आम रास्ता नहीं है। केवल वही आदमी जा सकता है, जिसको वहां पर काम है। यहां बदमाश को पकड़े जाने का डर होना चाहिए। लेकिन बदमाश इतना बेखौफ हो गए हैं कि बेडरूम में घुसकर ही महिला को चाकूओं से गोद डाला और सोने की चेन और अन्य गहने छीनकर फरार हो गए।

डीएसपी ने दिया सुरक्षा का आश्वासन

डीएसपी ने व्यापारियों व दुकानदारों को शहर के लोगों को सुरक्षित माहौल प्रदान करने का आश्वासन दिया। बताया कि गैंगवार में हुए बुजुर्गों के दोहरे हत्याकांड में तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। महिला को लहूलुहान कर गहने छीनने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए भी टीमें गठित कर दी गई हैं। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही पुलिस इन बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लेगी। दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। वहीं एक आरोपित सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया, जो भागता हुआ दिखाई दे रहा है।

साड़ी ने बचाई गीता की जान

चाकू लगने से घायल गीता को उपचार के बाद पीजीआइ से छु‌ट्टी मिल गई। गीता ने बताया कि दोनों हमलावर चाकू व पिस्टल से लैस थे। जब उन्होंने हाथों पर चाकू लगने के बाद नहीं छोड़ा तो जान से मारने के लिए पेट में जोर से चाकू मारा। चाकू साड़ी की तह यानी प्लेट से होता हुआ पेट में लगा। साड़ी की तह के कारण चाकू ज्यादा अंदर नहीं जा सका। पेट में जब दूसरा चाकू मारा तो चाकू बीच से टूट गया था। उसने बताया कि एक युवक बाहर की ओर खड़ा था, जिसके हाथ में सिल्वर कलर की पिस्तौल थी। चेन छीनने के बाद उन्होंने पर्स छीन लिया पर्स में लगभग चार से पांच हजार रुपये थे। वे पिस्तौल दिखाकर घर में रखा सामान भी ले जाना चाहते थे लेकिन उन्होंने जब शोर मचाना शुरू किया तो वे चाकू से वार करके भाग गए।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular