रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सड़क स्वामित्व एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मॉनसून सीजन से पूर्व सड़कों की मरम्मत, पैच वर्क इत्यादि के कार्यों को एक सप्ताह में पूर्ण करवाएं। अधिकारी स्टॉर्म वाटर सीवर की सफाई सुनिश्चित करवाएं ताकि जलभराव न हो। हर नागरिक की जान बहुमूल्य है। जिला में सडक़ सुरक्षा के सभी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। सुरक्षा प्रबंधों की कमी की वजह से किसी दुर्घटना में जनहानि नहीं होनी चाहिए।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति (डीआरएससी) एवं सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिकारी मॉनसून सीजन के दृष्टिगत सड़कों की मरम्मत व पैच वर्क के कार्य को आगामी एक सप्ताह में पूर्ण करवाये तथा कोई भी कार्य रूकना नहीं चाहिए। सड़कों के किनारे बनाए गए स्टॉर्म वाटर सीवर की सफाई करवाना सुनिश्चित किया जाए ताकि सड़कों के किनारे जलभराव न हो।
बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक उपायों तथा पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों की अनुपालना की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियां को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये कि इन राजमार्गों की लाइटें दुरुस्त हो। वन विभाग द्वारा मॉनसून सीजन के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ-साथ पौधारोपण की योजना तैयार की जाये। स्थानीय सुखपुरा चौक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस फ्लाईऑवर के निर्माण की गति को बढ़ाया जाए ताकि शहरवासियों को मॉनसून सीजन के दौरान असुविधा न हो। उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल को इस निर्माणाधीन फ्लाईओवर का दौरा करने को कहा।
यातायात उल्लंघनों पर 7,781 चालान किए गए
सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। गत मई माह के दौरान विभिन्न यातायात उल्लंघनों पर 7,781 चालान किए गए। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने के 1,104, सीट बेल्ट न लगाने के 1,332, शराब पीकर वाहन चलाने के 133, ओवरस्पीडिंग के 131 तथा गलत दिशा में वाहन चलाने के 1,119 चालान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मार्च माह में 64, अप्रैल में 63 तथा मई में 38 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु भेजे गए। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी विभाग लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें तथा प्रत्येक बैठक में कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के होंगे चालान
अतिरिक्त उपायुक्त एवं नगर निगम आयुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस द्वारा ऑवर स्पीड तथा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के चालान बढ़ाये जाये। शहर के प्रवेश व निकास द्वारों पर सुबह-शाम गस्त बढ़ाई जाये तथा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के चालान किए जाए। इसी तरह निर्धारित गति से अधिक गति से वाहन चलाने वालों के चालान भी बढ़ाये जाये ताकि सड़क दुर्घटनाओं का कम से कम किया जा सके।
नरेंद्र कुमार ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग न करने वाले नागरिकों/ कर्मचारियों के सरकारी भवनों/कार्यालयों में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए।
बैठक में नगर निगम, पुलिस विभाग, एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, एचएसवीपी, एचएसआईआईडीसी तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा प्रस्तुत कार्य प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई।

