Thursday, August 6, 2026
Homeहरियाणारोहतकम्युनिसिपल एरिया के संवेदनशील स्थानों के आसपास मीट की दुकानें खोलने पर...

म्युनिसिपल एरिया के संवेदनशील स्थानों के आसपास मीट की दुकानें खोलने पर प्रतिबंध

चण्डीगढ़: हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने नवरात्रों के पावन अवसर के दौरान राज्य की सभी म्युनिसिपल एरिया के संवेदनशील स्थानों के आसपास मीट की दुकानें खोलने पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश जारी किए है।

शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि हरियाणा म्यूनिसिपल एक्ट 1976 के रेगुलेशन ऑफ सेल ऑफ मीट एक्ट के तहत  धार्मिक, उपासना केंद्रों एवं शैक्षणिक स्थानों के आसपास मीट की दुकानों को खोलने पर पूर्ण रूप प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा, स्थानीय निकायों के लाइसेंस अधिकारी की अनुमति लिए बिना कोई भी मीट की दुकान नहीं खोली जा सकती।

शहरी निकाय मंत्री ने कहा कि नवरात्रि के दौरान शहरी क्षेत्रों में पूर्ण रूप से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह आदेश जारी किये गये है। जारी आदेशानुसार, नवरात्रों के दौरान म्युनिसिपल एरिया में मीट की दुकान खोलने के लिए लाइ‌सेंसिंग ऑथोरिटी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। लाइसेंसिंग ऑथोरिटी की अनुमति के बिना दुकान खोलने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल ने आदेशों में कहा कि सभी म्युनिसिपल अधिकारी नियमित रूप से संबंधित म्युनिसिपल एरिया की मीट की दुकानों की मॉनिटरिंग करने के लिए पुख्ता प्रबंध करें और इन आदेश की कड़ाई से पालना करना सुनिश्चित करें। जारी आदेशों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और किसी प्रकार की लापरवाही एवं उल्लंघना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular