मध्यप्रदेश में इन दिनों हो रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया है। DPR हरियाणा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हरियाणा का शानदार प्रदर्शन जारी है। 21 गोल्ड मेडल के साथ हरियाणा पहले स्थान पर बना हुआ है। अब तक स्पर्धा में हरियाणा ने कुल 44 पदक जीते हैं। हरियाणा के तालिका में 20 गोल्ड मेडल के साथ महाराष्ट्र दूसरे और 18 मेडल के साथ मध्यप्रदेश तीसरे स्थान पर है।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के छठे दिन टीटी नगर स्टेडियम में मुक्केबाजी प्रतियोगिताओं का भी समापन हुआ। हरियाणा ने खेल में अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए 20 में से सात स्वर्ण जीते। लड़कों के भार वर्ग में साहिल चौहान (67-71 किग्रा), दीपक (71-75 किग्रा) और नितेश मलिक (75-80 किग्रा) ने हरियाणा के लिए तीन स्वर्ण जीते। हरियाणा की लड़कियों ने 10 फाइनल में से चार में लड़कों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। भावना शर्मा (45-48 किग्रा), रवीना (60-63 किग्रा), प्रियंका (63-66 किग्रा) और मुस्कान (70-75 किग्रा) ने हरियाणा के लिए लड़कियों के मुक्केबाजी स्वर्ण पदक जीते।
वहीं अन्य प्रतियोगिताओं की बात करें तो हरियाणा के प्रतीक ने 69.47 मीटर की दूरी तक हथौड़ा फेंक हैमर थ्रो में भी स्वर्ण जीता। 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में राजस्थान के अभिनव चौधरी को 16-14 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा के शिवा नरवाल को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। बता दें कि सातवें दिन इंदौर में अभय प्रशल में कबड्डी प्रतियोगिताओं की शुरुआत होगी। टीटी नगर स्टेडियम में एथलेटिक्स रोस्टर में कुल 12 फाइनल होंगे, जिसमें लड़के और लड़कियों की 200 मीटर और 800 मीटर दौड़ शामिल हैं। जिम्नास्टिक प्रतियोगिताएं एलएनआईपीई में समाप्त होंगी जबकि निशानेबाजी में दो और स्वर्ण पदक जीतने होंगे। इसके अलावा फुटबॉल और हॉकी के ग्रुप मैच भी अपने-अपने स्थलों पर जारी हैं।