Saturday, May 2, 2026
Homeउत्तराखंडअंडर-17 गर्ल्स क्रिकेट चैंपियनशिप : हरियाणा ने उत्तराखंड को 10 विकेट से...

अंडर-17 गर्ल्स क्रिकेट चैंपियनशिप : हरियाणा ने उत्तराखंड को 10 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया

Rohtak News : 29 अप्रैल से प्रारम्भ पांच दिवसीय राष्ट्रीय अंडर-17 गर्ल्स क्रिकेट चैंपियनशिप अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। इस प्रतियोगिता के चौथे दिन, 2 मई को खेले गए मुकाबलों ने टूर्नामेंट की तस्वीर लगभग साफ कर दी। इस दिन खेले गए 4 प्री-क्वार्टर तथा 4 क्वार्टर फाइनल मुकाबले पूरी तरह से “करो या मरो” की स्थिति में खेले गए, जहां हर टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों का जोश, रणनीति और दबाव में खेलने की क्षमता जबरदस्त रही।

प्रातःकालीन मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जहां एम.एस. सरस्वती ग्राउंड पर खेले गए मैच में KVS ने महाराष्ट्र को 7 विकेट से हराकर दमदार जीत दर्ज की। वहीं 22-यार्ड ग्राउंड पर हुए मुकाबले में CBSE ने CISCE को 7 विकेट से पराजित किया। अग्रसेन क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में राजस्थान ने पंजाब को 5 विकेट से हराया। V.T.I. मैदान पर हुए मुकाबले में चंडीगढ़ ने गुजरात को 22 रनों से मात देकर शानदार जीत हासिल की।

क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में रोमांच अपने चरम पर रहा, जहां हरियाणा ने उत्तराखंड को 10 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में धमाकेदार प्रवेश किया, वहीं दिल्ली ने आंध्र प्रदेश को पराजित कर अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की।

वहीं चंडीगढ़ बनाम राजस्थान मैच में राजस्थान ने 4 विकेट से मैच जीत कर सेमीफाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित किया।चौथे दिन के मुकाबलों ने यह स्पष्ट कर दिया कि अब प्रतियोगिता अपने अंतिम और सबसे चुनौतीपूर्ण चरण में प्रवेश कर चुकी है, जहां केवल सर्वश्रेष्ठ टीमें ही आगे बढ़ रही हैं।

सभी मैचों का संचालन विभिन्न मैदानों पर सुचारू रूप से किया गया, जिसमें SGFI ऑब्जर्वर मुक्ता बब्बर, हरियाणा शिक्षा निदेशालय के अधिकारी रविन्द्र हुड्डा, ग्राउंड ऑफिशियल्स, DPE तथा PTI का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने जहां खिलाड़ियों के जज्बे और अनुशासन की सराहना की। वहीं जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों और ड्यूटी ऑफिशियल्स के टूर्नामेंट में योगदान की प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि डी पी सी सुमन हुड्डा, उप जिला शिक्षा अधिकारी डॉ नरेश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक नांदल, खंड शिक्षा अधिकारी संजय हुड्डा एवं खंड शिक्षा अधिकारी गीता, प्राचार्य राजेश नांदल, सुरेंद्र लाकड़ा, सुरेन्द्र हुड्डा, अंजू डबास, अंजना, रश्मि खासा, अनुज मलिक, प्रवक्ता कृष्णा रंजन, सुशील, डी पी ई ओमपाल, अरुण, हरेन्द्र ढाका तथा सम्पूर्ण टीम का समन्वय ही इस टूर्नामेंट के आयोजन को सफल बना रहा है।

चौथे दिन के इन रोमांचक और निर्णायक मुकाबलों के साथ अब सभी की निगाहें सेमीफाइनल और फाइनल मैच पर टिक गई हैं, जहां और भी कड़े और रोमांचक संघर्ष देखने को मिलेंगे।

RELATED NEWS

Most Popular