Punjab News: एक मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति की उसके बेटी के ससुराल (रामेआना गांव, फरीदकोट) में पिटाई के बाद मौत हो गई। वह वहां अपने पोते को लेने गए थे। पुलिस ने मृतक के दामाद प्रकाश सिंह समेत 5 नामजद लोगों और 6-7 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डोडा गांव के रहने वाले पप्पू सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी बहन जसप्रीत कौर ने करीब 6 साल पहले रामेआना गांव के प्रकाश सिंह के साथ प्रेम विवाह किया था। 27 अक्टूबर 2026 को जसप्रीत कौर ने फोन करके बताया कि उसके पति प्रकाश सिंह और देवर जगजीत सिंह ने उसकी पिटाई की है और उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसके बाद, पप्पू सिंह अपने पिता कृपाल सिंह और दोस्त रछपाल सिंह के साथ मिलकर जसप्रीत और उसकी बेटी को रामेआना गांव से डोडा गांव ले आए।
शिकायत के अनुसार, अगले दिन 28 अक्टूबर की शाम को पप्पू सिंह अपने पिता के साथ अपनी बहन के बेटे, सहजूर को लेने के लिए वापस रामेआना गांव गए। जब बच्चे को साथ भेजने की बात कही गई, तो प्रकाश सिंह ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। इसके बाद, उसने अपने परिवार के सदस्यों और साथियों के साथ मिलकर पप्पू सिंह और उनके पिता कृपाल सिंह पर हमला कर दिया।
Punjab News: मान सरकार युवा पीढ़ी को बर्बाद करने वालों को संरक्षण दे रही: परगट सिंह
इस घटना में कृपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें कोटकपुरा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले के संबंध में, डीएसपी इकबाल सिंह ने बताया कि दिए गए बयानों के आधार पर, पुलिस ने जैतो थाने में प्रकाश सिंह, उसके भाई जगजीत सिंह, उसकी माँ छिंदर कौर, उसकी भाभी कुलदीप कौर, सुखपाल (उर्फ पाला सिंह) नाम के एक व्यक्ति और 6-7 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

