Sunday, April 28, 2024
Homeहरियाणाबहादुरगढ़जिम में युवक की दिनदहाड़े हत्या, ताबड़तोड़ गोलियां मार हवा में हथियार...

जिम में युवक की दिनदहाड़े हत्या, ताबड़तोड़ गोलियां मार हवा में हथियार लहराते हुए फरार हुए बेखौफ हमलावर

डीएसपी अरविंद दहिया ने कहा कि सोलधा में सुबह मर्डर की सूचना मिली थी। तुरंत मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी गई। परिजनों के बयान पर शव का पोस्टमार्टम शुरू करवा दिया गया है। विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी गई है।

बहादुरगढ़। जिम में अभ्यास करने पहुंचे युवक को नहीं पता था कि उसके लिए बदमाश घात लगाकर इंतजार कर रहे हैं। युवक हर रोज सरकारी स्कूल के परिसर में बनाई गई व्यायामशाला में कसरत करने के लिए आता था। रोज की तरह बुधवार सुबह भी वह कसरत करने पहुंचा और अभ्यास करने लगा।

अचानक चार-पांच हमलावर आए और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। घटना के दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई और हमलावर हथियार लहराते हुए भाग निकले। युवक को 8 से 10 गोली मारी गई है। हत्या किसने और किन कारणों के चलते की, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मामला बहादुरगढ़ के सोलधा गांव का है।

वारदात की जांच करने पहुंची सदर पुलिस

बाइकों पर सवार होकर आए हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की पहचान करीब 30 वर्षीय श्रीकिशन के रूप में हुई है। श्रीकिशन के शरीर में गोलियों के कई निशान हैं। करीब दस खोल शव के पास पाए गए। उसे किसने और किन कारणों के चलते मौके के घाट उतारा, यह फिलहाल सवाल बना हुआ है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह मामला रंजिश का परिणाम हो सकता है। श्रीकृष्ण के खिलाफ भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से एक मामला सोनीपत के सदर थाना में दर्ज है। हत्या का यह मामला वर्ष 2009 में दर्ज हुआ था। मृतक श्री कृष्ण अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी तीन बहने हैं। सूत्रों ने बताया कि श्री कृष्ण ने गांव गुभाना की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। बाद में दोनों परिवारों की सहमति होने पर परंपरागत तरीके से विवाह संपन्न किया गया। यह शादी पिछले साल हुई थी।

उसकी किसके साथ रंजिश थी, पुलिस पता लगा रही है। विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। वारदात स्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही। अभ्यास करने वाले युवाओं से भी पूछताछ चल रही है। श्रीकृष्ण के शव को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया है। परिजनों के बयान पर प्राथमिक सूचना रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शव का पोस्टमार्टम होगा।

मामले के अनुसार सोलधा का निवासी श्रीकिशन खेतीबाड़ी करता था। गांव में सरकारी स्कूल ग्राउंड में बनी व्यायामशाला में अभ्यास करता था। रोजमर्रा की तरह बुधवार की सुबह अभ्यास करने आया था। सुबह करीब सात बजे जब कसरत कर रहा था तो अचानक चार-पांच हमलावर आए और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। उसको मौत के घाट उतारने के बाद हमलावर हवा में पिस्तौल लहराते हुए भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची ।

थाना सदर प्रभारी मनोज कुमार दल बल के साथ पहुंचे और जांच की जा रही है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि कृष्ण की हत्या क्यों की गई। एफएसएल टीम को बुलाया गया। डीएसपी अरविंद दहिया ने भी वारदात स्थल का जायजा लिया।डीएसपी अरविंद दहिया ने कहा कि सोलधा में सुबह मर्डर की सूचना मिली थी। तुरंत मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी गई। परिजनों के बयान पर शव का पोस्टमार्टम शुरू करवा दिया गया है। विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी गई है।

- Advertisment -
RELATED NEWS

Most Popular