Thursday, August 27, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में खेल मंत्री गौरव गौतम बोले- अंडर-23 सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप...

रोहतक में खेल मंत्री गौरव गौतम बोले- अंडर-23 सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप से निकलेंगे भविष्य के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी

रोहतक : खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा खेलों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की खेल नीति और खिलाड़ियों की मेहनत से हरियाणा खेलों में देश का अग्रणी राज्य बन गया है। प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सबसे अधिक पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

खेल मंत्री आज रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में आयोजित अंडर-23 सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह हरियाणा और विशेष रूप से रोहतक के लिए गौरव की बात है कि इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन यहां किया जा रहा है। खेल मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रतियोगिता से निकलने वाले खिलाड़ी भविष्य में एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों, ओलंपिक सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे और देश का गौरव बढ़ाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता पूरी पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि का भुगतान सुनिश्चित कर चुकी है तथा खेल अवसंरचना को और मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में 114 करोड़ रुपये की लागत से 42 नए स्टेडियमों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि जिन स्टेडियमों में रखरखाव अथवा वातानुकूलन संबंधी कार्य चल रहे हैं, उन्हें भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, कुश्ती संघ के अध्यक्ष रमेश बोहर, भारतीय कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष एम फोनी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular