हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम वासियों को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की बड़ी सौगात देते हुए शनिवार को 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के बेड़े में शामिल की गई ये बसें यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करने और वायु प्रदूषण नियंत्रित करने में भी अहम भूमिका निभाएंगी। ये बसें गुरुग्राम जिले के 20 विभिन्न रूटों पर संचालित होंगी, जिससे शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 17 करोड़ की लागत से विकसित सेक्टर-48 स्थित जीएमसीबीएल के नए ई-बस डिपो का उद्घाटन भी किया।
कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर तथा गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा भी गरिमामयी उपस्थिति में शामिल हुए।
गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन के इतिहास में नए अध्याय की शुरुआत
सीएम सैनी ने कहा कि गुरुग्राम के विकास और सार्वजनिक परिवहन के इतिहास में आज एक नई शुरुआत हुई है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत 100 इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ और सेक्टर-48 में आधुनिक ई-बस डिपो का लोकार्पण गुरुग्राम को स्वच्छ, सुगम और आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल शहर की बढ़ती परिवहन जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगी।
सीएम ने कहा कि गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की यात्रा वर्ष 2018 में 25 बसों के साथ शुरू हुई थी। आज गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड के बेड़े में 150 सीएनजी बसें संचालित हैं। इनमें 100 नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से कुल बसों की संख्या बढ़कर 250 हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना देश के शहरों में स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का राष्ट्रीय प्रयास है। इस योजना के तहत देशभर में 10 हजार इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गुरुग्राम में 100 इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ इसी व्यापक राष्ट्रीय संकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
सीएम ने कहा, गुरुग्राम की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं का होगा विस्तार
सीएम सैनी ने कहा कि गुरुग्राम देश की आर्थिक प्रगति का प्रमुख केंद्र है। यहां देश-विदेश की कंपनियां, उद्योग, आईटी और सेवा क्षेत्र के संस्थान स्थापित हैं। प्रतिदिन लाखों लोग रोजगार, शिक्षा, व्यापार और अन्य आवश्यकताओं के लिए शहर में आवागमन करते हैं। शहर के तेजी से विस्तार के साथ सुरक्षित, भरोसेमंद और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की जरूरत भी बढ़ रही है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए 100 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन और सेक्टर-48 में आधुनिक ई-बस डिपो की स्थापना की गई है, जिससे बसों के सुचारू संचालन के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध होगा और नागरिकों को आवागमन के अधिक विकल्प मिलेंगे।
सीएम ने नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को सफल बनाने में जनभागीदारी भी महत्वपूर्ण है। निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक बसों का उपयोग करके प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे सकता है।
विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में स्वच्छ और आधुनिक शहरों की अहम भूमिका : सीएम
सीएम सैनी ने कहा कि हमारे सामने विकसित भारत-विकसित हरियाणा-2047 का लक्ष्य है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए ऐसे शहरों का निर्माण करना होगा, जहां आर्थिक अवसरों के साथ स्वच्छ हवा, बेहतर आवागमन और गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हों। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए शहरों का आधुनिक होने के साथ-साथ रहने योग्य और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार होना भी जरूरी है। वर्तमान में प्रदेश के 10 बड़े शहरों में 160 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हैं, जिनकी संख्या इस वर्ष के अंत तक बढ़ाकर 375 की जाएगी। गुरुग्राम में तैयार किया गया यह प्रदेश का तीसरा इलेक्ट्रिक बस डिपो है। इसके अलावा, पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत सोनीपत, पानीपत, रोहतक, करनाल, हिसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद में जल्द ही 450 नई मिनी बसें शुरू की जाएंगी। इससे लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी, ऑटो-रिक्शा पर निर्भरता कम होगी और शहरवासियों का सफर अधिक सुविधाजनक एवं पर्यावरण अनुकूल बनेगा।

