मिलन ढाबा हत्याकांड ने खोली गैंगस्टरों के नए नेटवर्क की परतें!
कविता.रोहतक : हरियाणा में गैंगस्टरों ने पुलिस और विरोधी गैंग की नजरों से बचने के लिए अपराध का नया तरीका अपनाना शुरू कर दिया है। अब गैंगवार की दुनिया में लड़कियों को भी मोहरा बनाया जा रहा है। कभी गर्लफ्रेंड बनकर विरोधी गैंग के सदस्यों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है तो कभी हथियारों और कारतूसों की सप्लाई जैसे कामों में उनकी भूमिका सामने आ रही है। रोहतक के मिलन ढाबा हत्याकांड ने इस नए ट्रेंड को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
इस मामले में हिमांशु भाऊ गैंग पर जानवी नाम की युवती को हायर कर सन्नी रिटौलिया की गर्लफ्रेंड बनवाने और उसके जरिए मुखबिरी करवाने का आरोप सामने आया है।
दावा है कि सन्नी की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के बाद चार युवकों की हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया और वारदात के बाद जानवी को तुरंत बैंकॉक भेज दिया गया। जानवी उत्तर प्रदेश के शामली की रहने वाली बताई जा रही है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
रोहद टोल प्लाजा पर 25 हजार कारतूस के साथ युवती समेत कुछ लोगों की गिरफ्तारी और टाइगर श्रॉफ से जुड़े हमले के मामले में दो युवतियों की गिरफ्तारी जैसे घटनाक्रम भी इस बात की ओर इशारा करते हैं कि संगठित अपराध के नेटवर्क में महिलाओं की भूमिका की जांच अब अहम होती जा रही है।
पहले गर्लफ्रेंड बनी, फिर मुखबिरी का आरोप
मिलन ढाबा हत्याकांड में जाह्नवी की भूमिका सबसे ज्यादा चर्चा में है। आरोप है कि हिमांशु भाऊ गैंग ने उसे सन्नी रिटौलिया के करीब पहुंचाने के लिए हायर किया था। इसके बाद वह सन्नी की गर्लफ्रेंड बनकर उसके संपर्क में रही और उसकी गतिविधियों की जानकारी गैंग तक पहुंचाती रही। इस तरह कथित तौर पर भरोसे के रिश्ते को ही मुखबिरी का जरिया बनाया गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि जाह्नवी की सन्नी से नजदीकियां किस तरह बढ़ीं और क्या उसने वास्तव में हत्याकांड से पहले रेकी या मुखबिरी की थी।
वारदात के बाद बैंकॉक भेजने का दावा
हत्याकांड के बाद जानवी को लेकर एक और चौंकाने वाला दावा सामने आया है। बताया जा रहा है कि चार युवकों की हत्या के बाद उसे तुरंत बैंकॉक भेज दिया गया। इससे जांच में यह सवाल भी अहम हो गया है कि क्या विदेश भेजने की व्यवस्था पहले से तैयार थी और क्या इसके पीछे गैंग का कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा था। जाह्नवी के उत्तर प्रदेश के शामली की रहने वाली होने की बात कही जा रही है। हालांकि, उसके विदेश जाने और हत्याकांड में उसकी भूमिका को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है।
रोहद टोल पर 25 हजार कारतूस के साथ पकड़ी गई थी युवती
गैंगस्टरों के नेटवर्क में युवतियों की भूमिका का एक अन्य मामला रोहद टोल प्लाजा पर भी सामने आ चुका है। यहां पुलिस ने एक युवती और कुछ युवकों को पकड़ा था। उनके कब्जे से 25 हजार कारतूस बरामद होने की जानकारी सामने आई थी। इतनी बड़ी मात्रा में कारतूस मिलने के बाद जांच में यह सवाल उठा था कि हथियारों और गोला-बारूद की सप्लाई के नेटवर्क में युवती की क्या भूमिका थी। इस घटनाक्रम ने भी गैंगस्टरों के नेटवर्क में महिलाओं के इस्तेमाल को लेकर चिंता बढ़ाई थी।
टाइगर श्रॉफ से जुड़े हमले के मामले में भी दो युवतियां गिरफ्तार
गैंगस्टर नेटवर्क में युवतियों की भूमिका का मामला केवल रोहतक तक सीमित नहीं है। टाइगर श्रॉफ से जुड़े हमले के मामले में भी दो युवतियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इस घटनाक्रम ने भी जांच एजेंसियों का ध्यान इस ओर खींचा कि आपराधिक गिरोह अपने नेटवर्क में महिलाओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप रहे हैं। मिलन ढाबा हत्याकांड, रोहद टोल पर कारतूस बरामदगी और टाइगर श्रॉफ से जुड़े मामले को साथ रखकर देखें तो एक बड़ा सवाल खड़ा होता है कि क्या गैंगस्टर अब महिलाओं की कम संदिग्ध छवि का फायदा उठाकर उन्हें मुखबिरी, संपर्क बनाने और आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस के लिए ऐसे नेटवर्क की पहचान करना और उनकी पूरी कड़ी तक पहुंचना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

