जिला पलवल में हरियाणा फार्मर रजिस्ट्री अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुगम तरीके से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान में पलवल जिला ने प्रदेश में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है।
हरियाणा फार्मर रजिस्ट्री के डैशबोर्ड पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार प्रदेशभर में कुल 418 किसानों का पंजीकरण किया गया, जिनमें अकेले पलवल जिला में 109 किसानों का पंजीकरण हुआ है। इस उपलब्धि के साथ पलवल जिला प्रदेश के सभी जिलों में शीर्ष स्थान पर है।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि किसान पंजीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा अधिक से अधिक किसानों को इस अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए उनका सही एवं प्रमाणित डाटा उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और गांव स्तर पर किसानों को पंजीकरण के प्रति जागरूक करें।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है, जिससे उनकी कृषि संबंधी जानकारी एकीकृत रूप से उपलब्ध हो सकेगी। इससे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी और पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में भी सुविधा होगी।
जिला प्रशासन की ओर से किसानों से अपील की गई है कि वे फार्मर रजिस्ट्री में अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं और इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि पंजीकरण प्रक्रिया में आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पलवल जिले की यह उपलब्धि आगे भी बरकरार रहे।

