कविता.रोहतक : अगले छह दिन खेल प्रतिभाओं के नाम रहने वाले हैं। 28 जुलाई से शुरू हो रही जिला स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता सिर्फ पदक जीतने का मंच नहीं, बल्कि उन खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका है जो ब्लॉक स्तर पर खुद को साबित करने के बाद अब जिले में पहचान बनाने उतरेंगे। यही खिलाड़ी आगे राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने की दौड़ में शामिल होंगे। प्रतियोगिताएं अलग-अलग मैदानों और स्कूलों में होंगी, जहां हर दिन नए मुकाबले और नए विजेता सामने आएंगे।
ब्लॉक से जिला, अब अगली मंजिल राज्य स्तर
जिला प्रतियोगिता तक पहुंचने वाले सभी खिलाड़ी पहले अपने-अपने ब्लॉक में जीत दर्ज कर चुके हैं। अब उनके सामने जिला चैंपियन बनने की चुनौती है। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए होगा। ऐसे में हर मुकाबला खिलाड़ियों के भविष्य के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
लड़कियों से होगी शुरुआत, लड़कों के मुकाबलों पर समापन
प्रतियोगिता की शुरुआत गर्ल्स वर्ग से होगी। पहले तीन दिन अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 गर्ल्स के मुकाबले होंगे। इसके बाद बॉयज वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इससे आयोजन समिति को सभी वर्गों की प्रतियोगिताएं व्यवस्थित ढंग से कराने में आसानी होगी। बैडमिंटन के अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग का कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा।
हर खेल में दांव पर होगी पहचान
एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, कबड्डी, कुश्ती, बॉक्सिंग, तीरंदाजी, शूटिंग, तैराकी, स्केटिंग, योग, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, जिम्नास्टिक, फेंसिंग, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, वुशु, मॉडर्न पेंटाथलॉन समेत करीब 30 खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
कब होंगे मुकाबले
28 जुलाई – अंडर-14 गर्ल्स
29 जुलाई – अंडर-17 गर्ल्स
30 जुलाई – अंडर-19 गर्ल्स
31 जुलाई – अंडर-14 बॉयज
1 अगस्त – अंडर-17 बॉयज
2 अगस्त – अंडर-19 बॉयज
बैडमिंटन (अंडर-17 व 19) – शेड्यूल बाद में जारी होगा।


