Monday, July 27, 2026
Homeहरियाणामुख्यमंत्री सैनी बोले- संत महापुरुष समाज को सत्य, सेवा और राष्ट्रभक्ति की...

मुख्यमंत्री सैनी बोले- संत महापुरुष समाज को सत्य, सेवा और राष्ट्रभक्ति की राह दिखाते हैं

  • हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जींद के उझाणा गांव में आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह में की शिरकत
  • उझाणा में सामुदायिक केंद्र बनवाने के लिए 1 करोड़ रुपये तथा गांव के विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत-महापुरुषों का जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होता है। उनके आदर्श मानवता, सेवा, समरसता और राष्ट्र निर्माण का संदेश देते हैं। वर्तमान पीढ़ी को उनके जीवन मूल्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है, ताकि समाज में सद्भाव और संस्कारों की भावना और अधिक मजबूत हो सके।

मुख्यमंत्रीनायब सिंह सैनी ने यह बात सोमवार को जींद जिले के गांव उझाना में श्री श्री 1008 सिद्ध बाबा खाक नाथ जी महाराज के नवनिर्मित समाधि स्थल पर आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, रोहतक स्थित मठ अस्थल बोहर के महंत तथा राजस्थान के तिजारा से विधायक महंत बालक नाथ, उझाना मठ के महंत राज नाथ, महंत पूर्ण नाथ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने उझाना में सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये तथा गांव के अन्य विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांग के अनुरूप गांव में सड़क निर्माण, कुंड तालाब के जीर्णोद्धार, पानी निकासी का स्थाई समाधान तथा गांव के स्कूल में विज्ञान संकाय शुरू करवाई जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर में मत्था टेका तथा यज्ञ में पूर्णाहुति दी और ध्वजारोहण भी किया।

मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि किसी महा मानव की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा का अर्थ केवल विधि-विधान से पूजा संपन्न करवाना नहीं होता बल्कि अपने जीवन में श्रद्धा को प्रतिष्ठित करना, अपने आचरण में सत्य को अपनाना, अपने व्यवहार में करुणा को उत्पन्न करना तथा समाज में सेवा तथा सद्भाव को प्रतिष्ठित करना है। उन्होंने खुशी जाहिर की कि उझाना का पावन मठ लगभग 600 वर्षों से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति हमारी आध्यात्मिक परंपरा में है।

सीएम ने उझाना के धाम द्वारा गौशाला के संचालन की सराहना करते हुए कहा कि गौशाला भारतीय संस्कृति की करुणा और संवेदना का जीवंत प्रतीक है। हमारी परंपरा में गौसेवा धार्मिक आस्था होने के साथ-साथ सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है। प्रकृति और गौमाता की रक्षा व सम्मान की संस्कृति ही भारत को विश्वगुरु बनाएंगे।

नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के कल्याण और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की नीति पर कार्य कर रही है और प्रदेश में पारदर्शी तथा जनहितैषी शासन व्यवस्था स्थापित की गई है। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को श्री श्री 1008 सिद्ध बाबा खाक नाथ जी महाराज की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। उन्होंने उपस्थितगण से संतों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा, समाज सेवा और मानव कल्याण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

संत समाज के महापुरुष और मुख्यमंत्री का एकसाथ होना अद्भुत संगम: कृष्ण बेदी

कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि जींद की धरती पर आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम विशेष शुभ मुहूर्त में बना है। आज हम सबका यह सौभाग्य है कि हम सब अपने संत समाज के महापुरुषों और प्रदेश के मुख्य सेवक यानी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को एक साथ देख पा रहे हैं। सेवक और संत दोनों के एक ही मंच पर दर्शन होना सौभाग्य की बात होती है। यह संगम प्रदेश में विकास, सुख, शांति और समृद्धि की बहार को और तेज करने वाला है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री की सरलता और कार्यशैली से सभी प्रभावित: डॉ. कृष्ण मिड्ढा

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकऱ डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के हर परिवार की जरूरत के अनुसार योजनाएं और नीतियां लागू की हैं। सरकार द्वारा जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं व नीतियों का लाभ पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश में युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना खर्ची-बिना पर्ची सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री के इस कार्य की पूरे देश में चर्चा हो रही है। दूसरे प्रदेशों के मुख्यमंत्री भी हरियाणा के मुख्यमंत्री जैसी मुस्कुराहट, सरलता, कार्यशैली की तारीफ करने के साथ-सा खुद भी इसी व्यवहार को अपनाने का प्रयास कर रहे हैं।

हरियाणा में हो रहे हैं तेज गति से विकास कार्य: महंत योगी बालक नाथ

राजस्थान के तिजारा से विधायक महंत योगी बालक नाथ ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तीव्र गति से विकास कार्य करवा रहे हैं। राजस्थान में अभी बहुत विकास कार्यों की जरूरत है, पर हरियाणा में भाजपा सरकार ने तो खेतों के रास्ते तक भी पक्के कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि मानव जाति के उत्थान के लिए बाबा खाकनाथ जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचकर मानव कल्याण का कार्य करें।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular