Rohtak News : गांव भैणी महाराजपुर निवासी अंकित और पंकज पर हुए जानलेवा हमले के मामले में 5 हजार रुपये के उद्घोषित अपराधी को रोहतक पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान देवेंद्र पुत्र बिजेंद्र निवासी गांव सिंघवा खास, जिला हिसार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया है। मामले में चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस प्रवक्ता मनीष ने बताया कि 15 अप्रैल 2026 को अंकित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अंकित ने महम की सामण चुंगी पर गाड़ी खरीद-बेच का कार्यालय खोल रखा है। उसने 2 फरवरी 2026 को सागर निवासी सिंघवा से एक स्विफ्ट कार गिरवी रखी थी। इसके बदले सागर ने शपथ पत्र दिया था कि दो महीने में रुपये नहीं लौटाने पर अंकित को गाड़ी रखने और बेचने का अधिकार होगा।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुपये वापस मांगने पर सागर टालमटोल करता रहा। 15 अप्रैल की रात करीब 9 बजे सागर व उसके साथी दवेन्द्र उर्फ दुधिया, पवन, प्रवीन उर्फ लाडा, अमित उर्फ मितु, गोलु व अन्य तीन चार युवकों के साथ अंकित के पास आया। आरोप है कि आरोपियों ने कार्यालय में घुसकर अंकित और पंकज पर लोहे की रॉड व बिंडों से हमला कर दिया और फरार हो गए। घायल अवस्था मे दोनो युवको को इलाज के लिए हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने को देवेंद्र को गिरफ्तार किया। उसे 1 नवंबर 2026 को उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। वारदात में शामिल रहे 4 आरोपियो को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।

