Rohtak News : घरेलू कलह ने एक परिवार को उजाड़ दिया। मोखरा गांव में बुधवार रात पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि पति नरेश ने लोहे की रॉड से अपनी पत्नी मीना (35 साल) पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घर में महिला का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। इस घटना से परिवार के दो बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मीना और नरेश के बीच काफी समय से घरेलू विवाद चल रहा था। बुधवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है विवाद बढ़ने पर नरेश ने लोहे की रॉड उठाकर मीना पर हमला कर दिया। आरोपी ने उसके सिर और छाती पर कई वार किए। गंभीर चोटों के चलते मीना की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी पत्नी को खून से लथपथ हालत में छोड़कर फरार हो गया। घर में बेड पर पड़े शव और कमरे में बिखरे खून की सूचना मिलने पर बहुअकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर के अनुसार, हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति की तलाश की जा रही है।

