Wednesday, November 18, 2026
Homeदेशहरियाणा में SIR का संशोधित कार्यक्रम जारी, अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर...

हरियाणा में SIR का संशोधित कार्यक्रम जारी, अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को होगी जारी

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा हरियाणा में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। निर्वाचन आयोग द्वारा हरियाणा में नोटिस, दावे एवं आपत्तियों के निपटान तथा अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की संशोधित तिथियां निर्धारित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार नोटिस, दावे एवं आपत्तियों के निपटान की अवधि 31 जुलाई 2026 से 15 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। वहीं, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन अब 22 दिसंबर 2026 को किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट (ASDD) मतदाताओं के संबंध में गणना प्रपत्र की प्रक्रिया के लिए भी समय-सीमा निर्धारित की गई है। इसके तहत गणना प्रपत्रों को तैयार करने एवं मुद्रण का काम 18 नवंबर तक, प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण 18 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक तथा प्रपत्रों के निस्तारण की प्रक्रिया 10 दिसंबर 2026 तक पूरी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि हरियाणा में कुल 9,36,228 अनुपस्थित, 13,74,759 स्थानांतरित, 7,66,003 मृत एवं 2,04,832 डुप्लीकेट (ASDD) मतदाता चिह्नित किए गए हैं। ASDD श्रेणी में चिह्नित पात्र मतदाताओं से अपील है कि वे निर्धारित समयावधि में अपना गणना प्रपत्र संबंधित बूथ लेवल अधिकारी को भरकर उपलब्ध करवाएं, ताकि 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम शामिल हो सके।

श्री ए. श्रीनिवास ने बताया कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

RELATED NEWS

Most Popular