Rohtak News : पीजीआईएमएस रोहतक के ओपीडी परिसर में क्षेत्रीय नेत्र विज्ञान संस्थान द्वारा डायबिटिक रेटिनोपैथी को लेकर एक भव्य पोस्टर प्रदर्शनी लगाई गई,जिसमें पीजी, यूजी ओर ऑप्टोमेट्री के छात्रों ने पोस्टर बनाए। प्रदर्शनी का उद्घाटन कुलपति डॉ. एच. के. अग्रवाल ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मधुमेह से आंखों को होने वाले नुकसान, समय पर जांच के महत्व और बचाव के उपायों को बेहद सरल और रोचक तरीके से पोस्टरों के माध्यम से समझाया।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. एच. के. अग्रवाल ने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाने के साथ साथ आम जनता को भी जागरूक करती हैं। उन्होंने कहा कि डायबिटिक रेटिनोपैथी मधुमेह का एक गंभीर दुष्प्रभाव है, जो धीरे धीरे आंखों की रोशनी छीन लेता है। अगर समय पर जांच और जागरूकता हो जाए, तो इस अंधेपन को रोका जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवा डॉक्टरों और पैरामेडिकल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ साथ समाज के बीच जाकर लोगों को जागरूक करने का काम भी करना चाहिए। यही एक सच्चे चिकित्सक की पहचान है। उन्होंने कहा कि पीजीआईएमएस प्रशासन इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को हमेशा बढ़ावा देता रहेगा।
निदेशक डॉ. एम. जी. वशिष्ठ ने कहा कि मधुमेह आज हर घर की समस्या बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर शुगर को सामान्य बीमारी समझकर लापरवाही कर देते हैं, लेकिन यही लापरवाही आगे चलकर आंखों, किडनी और हृदय के लिए खतरनाक साबित होती है। उन्होंने कहा कि ओपीडी में लगाई गई यह प्रदर्शनी मरीजों को उनकी ही भाषा में समझाने का एक अच्छा माध्यम है। जब मरीज पोस्टर देखकर बीमारी को समझेगा, तो वह समय पर जांच के लिए खुद आगे आएगा।
डीन डॉ अशोक चौहान ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका यह प्रयास निश्चित रूप से कई लोगों की आंखों की रोशनी बचाने में मदद करेगा।
आरआईओ विभागाध्यक्ष डॉ. आर. एस. चौहान ने कहा कि डायबिटिक रेटिनोपैथी के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में इस बीमारी के कोई लक्षण नजर नहीं आते, इसलिए मरीज को पता ही नहीं चलता कि उसकी आंखों के पर्दे को नुकसान पहुंच रहा है। जब तक लक्षण दिखाई देते हैं, तब तक काफी देर हो चुकी होती है। उन्होंने कहा कि मधुमेह के हर मरीज को साल में कम से कम एक बार आंखों की पूरी जांच अवश्य करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आरआईओ विभाग इस तरह के जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को समय पर जांच के लिए प्रेरित कर रहा है।
डॉ. मनीषा नाडा ने कहा कि पूरा महीना फार्मेसी, नर्सिंग कॉलेज और ओपीडी में मरीजों के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य डायबिटिक रेटिनोपैथी के बारे में लोगों को बताना है। उन्होंने कहा कि डॉ. जितेंद्र फोगाट, डॉ. हर्षिका और डॉ. सोनम गिल सहित पूरी टीम इस अभियान में सक्रिय रूप से जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि अगर मधुमेह के मरीजों की समय पर स्क्रीनिंग हो जाए, तो आंखों को बचाया जा सकता है। उन्होंने मरीजों से अपील की कि वे अपने ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखें, नियमित दवा लें और आंखों की जांच को टालें नहीं।
डॉ. जितेंद्र फोगाट ने कहा कि समय पर जागरूकता से अंधापन बच जाता है। उन्होंने कहा कि कई बार मरीज शुगर बढ़ने के बाद भी आंखों की जांच नहीं कराते, क्योंकि उन्हें दिखाई देना कम नहीं लगता। उन्होंने समझाया कि रेटिना में होने वाला बदलाव धीरे धीरे होता है और समय पर लेजर या अन्य उपचार से इसे रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए पोस्टरों में खान पान, व्यायाम, दवा का नियमित सेवन और धूम्रपान से बचने जैसी बातों को बहुत अच्छे तरीके से दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि मरीजों को चाहिए कि वे शुगर की जांच के साथ साथ आंखों की जांच को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
इस अवसर पर डीन डॉ. अशोक चौहान, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर अत्री , डीन छात्र कल्याण डॉ सविता सिंघल और आरआईओ के सभी चिकित्सक उपस्थित रहे।

