कविता.रोहतक: शहर में स्वच्छता को लेकर जागरूकता फैलाने के तमाम प्रयासों के बावजूद कुछ लोगों की आदतें सुधरने का नाम नहीं ले रही हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि अब लोगों को खुले में कूड़ा डालने से रोकने के लिए टेंट तक लगाने पड़ रहे हैं।
सेक्टर-1 में सेक्टर प्राइड के पास देवी लाल पार्क के सामने जिस जगह लोग लगातार कूड़ा डाल रहे थे, वहां आसपास के लोगों ने टेंट लगा दिया है। हैरानी की बात यह है कि यहां किसी कार्यक्रम का आयोजन नहीं हो रहा, बल्कि टेंट लगाने का मकसद लोगों को कूड़ा डालने से रोकना है। टेंट लगने के बाद अब इस जगह पर कूड़ा भी नजर नहीं आ रहा। इसी तरह सेक्टर-2 और 3 की मार्केट में भी लोगों ने कूड़ा डालने से रोकने के लिए अनोखा तरीका अपनाया है।
बदबू से परेशान होकर उठाना पड़ा कदम
सेक्टर-1 में सेक्टर प्राइड के पास देवी लाल पार्क के सामने लंबे समय से लोग खुले में कूड़ा डाल रहे थे। धीरे-धीरे यह जगह कूड़ा डालने का अघोषित ठिकाना बन गई थी। आसपास रहने वाले लोगों के साथ-साथ पार्क में घूमने और सैर करने आने वालों को भी बदबू के कारण काफी परेशानी होती थी। गंदगी के चलते आसपास का माहौल भी खराब हो रहा था। लगातार परेशानी झेलने के बाद स्थानीय लोगों ने इस समस्या का अपने स्तर पर समाधान निकालने का फैसला किया और उस जगह पर टैंट लगवा दिया।
टेंट लगा तो गायब हो गया कूड़ा
आमतौर पर टेंट का इस्तेमाल शादी, समारोह या किसी कार्यक्रम के आयोजन के लिए किया जाता है, लेकिन यहां इसका मकसद बिल्कुल अलग है। लोगों ने कूड़ा डालने वालों को रोकने के लिए उस जगह पर टेंट लगा दिया, जहां रोजाना गंदगी के ढेर लगते थे। टेंट लगने के बाद अब वहां कूड़ा नजर नहीं आ रहा। स्थानीय लोगों का यह तरीका चर्चा का विषय बना हुआ है। इससे साफ है कि जब सामान्य तरीके से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना मुश्किल हो जाए तो उन्हें रोकने के लिए अलग तरीके अपनाने पड़ते हैं।
सेक्टर-2 और 3 की मार्केट में लगाया बड़ा शीशा
खुले में कूड़ा डालने की समस्या सिर्फ सेक्टर-1 तक सीमित नहीं है। सेक्टर-2 और 3 की मार्केट में भी लोग एक जगह पर कूड़ा डाल रहे थे। इस समस्या से निपटने के लिए यहां भी लोगों ने अनोखा तरीका अपनाया। कूड़ा डालने वाली जगह पर टेंट लगाने के साथ-साथ एक बड़ा शीशा भी लगाया गया। इसके बाद लोगों ने वहां कूड़ा डालना बंद कर दिया। स्थानीय स्तर पर किए गए इन प्रयासों से फिलहाल गंदगी की समस्या पर अंकुश लगता दिखाई दे रहा है।
लोगों को जगाने के लिए टेंट लगाना बन गई मजबूरी
स्वच्छता बनाए रखना केवल नगर निकाय या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। इसके बावजूद कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों, पार्कों और मार्केट के आसपास कूड़ा डालकर दूसरों के लिए परेशानी खड़ी कर देते हैं। स्थिति यह है कि ऐसे लोगों को रोकने के लिए स्थानीय निवासियों को टेंट और शीशे जैसे उपाय अपनाने पड़ रहे हैं।
सवाल यह है कि आखिर लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए इस तरह के इंतजाम क्यों करने पड़ रहे हैं। शहर को साफ रखने के लिए जरूरी है कि लोग अपनी आदतों में बदलाव लाएं और निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा डालें।

