रोहतक : देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। रसोई का बजट एक बार फिर महंगाई की मार से बिगड़ने लगा है। सरसों के तेल से लेकर दालों, दूध, चीनी, डिटरजेंट, सर्फ, बेसन और मसालों तक के दामों में लगातार बढ़ोतरी ने आम आदमी की परेशानी बढ़ा दी है। रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी खाद्य वस्तुओं के महंगे होने से अब घर का खर्च चलाना भी चुनौती बनता जा रहा है।
सबसे अधिक बढ़ोतरी सरसों के तेल की कीमतों में देखने को मिली है। पहले 185 रुपये प्रति लीटर बिकने वाला सरसों का तेल अब 220 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। यानी उपभोक्ताओं को एक लीटर तेल खरीदने के लिए 35 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं अरहर, उड़द, मूंग समेत अन्य दालों के दामों में भी 10 से 30 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बाजार में खरीदारी के लिए पहुंच रहे लोगों का कहना है कि पहले से ही सब्जियों, रसोई गैस और अन्य घरेलू जरूरतों पर खर्च लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में दूध, तेल और दालों जैसी आवश्यक वस्तुओं के महंगे होने से महीने का बजट गड़बड़ा गया है। लोगों के मुताबिक, आमदनी सीमित है, लेकिन रोजमर्रा की जरूरतों पर खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है।
चीनी, गुड़ और मसालों ने भी बढ़ाई परेशानी
खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी का असर केवल तेल और दालों तक सीमित नहीं है। चीनी के दाम 45 से बढ़कर 75 रुपये प्रति किलो, बेसन 110 से 135 रुपये, गुड़ 60 से 85 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
दालों और अन्य खाद्य पदार्थों की बात करें तो मलका 90 से 100 रुपये, राजमा 130 से 170 रुपये, अरहर 110 से 140 रुपये, चना 80 से 100 रुपये, उड़द 110 से 130 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
वहीं मूंगफली के दाम 120 से बढ़कर 170 रुपये, धनिया 160 से 240 रुपये और जीरा 300 से 400 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है।
खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों की रसोई का हिसाब बिगाड़ दिया है। पहले जहां सीमित बजट में महीनेभर का राशन आसानी से आ जाता था, वहीं अब जरूरी सामान खरीदने में ही जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

