Wednesday, November 18, 2026
Homeदेशमरकर भी जुग-जुग जी गया भिवानी का 23 वर्षीय लाल, अंगदान से...

मरकर भी जुग-जुग जी गया भिवानी का 23 वर्षीय लाल, अंगदान से कई जिंदगियों में भरेगा रोशनी

रोहतक : कहते हैं कि इंसान चला जाता है, लेकिन उसकी अच्छाई जिंदा रहती है। भिवानी के अभिषेक (23 वर्षीय) ने अपनी मौत के बाद भी इस बात को सच कर दिखाया।

एक दर्दनाक हादसे के बाद पीजीआईएमएस रोहतक के ट्रॉमा आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे युवक को बचाने के लिए ट्रॉमा सेंटर इंचार्ज डॉ तरुण यादव ओर उनकी टीम ने हरसंभव प्रयास किया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। कल चिकित्सकों की विशेष कमेटी ने जांच के बाद युवक को ब्रेन स्टेम डेथ घोषित किया। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एक जवान बेटे को खोने का दर्द ऐसा था, जिसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है।

कुलपति डॉ एच के अग्रवाल ने बताया कि उनकी स्थिति को देखते हुए एनेस्थीसियोलॉजी एवं क्रिटिकल केयर विभाग के प्रोफेसर डॉ. तरुण यादव के अनुरोध पर चिकित्सा अधीक्षक, पीजीआईएमएस रोहतक की अध्यक्षता में ब्रेन स्टेम डेथ प्रमाणन के लिए एक कमेटी का गठन किया गया था। इस कमेटी में न्यूरो सर्जरी विभाग के प्रोफेसर एवं यूनिट हेड डॉ. वरुण अग्रवाल, एनेस्थीसियोलॉजी एवं क्रिटिकल केयर विभाग के प्रोफेसर डॉ. तरुण यादव और सर्जरी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. रुचिका शामिल थीं। कमेटी ने सभी निर्धारित चिकित्सीय मापदंडों और जांचों के बाद युवक को ब्रेन स्टेम डेथ घोषित किया।

डॉ तरुण ने बताया कि ब्रेन स्टेम डेथ घोषित होने के बाद सबसे कठिन घड़ी परिवार के लिए अंगदान को लेकर फैसला लेने की थी। शुरू में गहरे सदमे और भावनात्मक स्थिति के कारण परिवार इस फैसले को लेकर असमंजस में था। ऐसे में पीजीआईएमएस के कुलपति डॉ. एस. के. अग्रवाल स्वयं आगे आए। उन्होंने परिजनों से बड़े ही संवेदनशील, मानवीय और धैर्यपूर्ण तरीके से बात की। उन्होंने परिवार को समझाया कि युवक अब इस दुनिया में नहीं रहा, लेकिन उसके अंगों से कई ऐसे मरीजों को नई जिंदगी मिल सकती है, जो लंबे समय और वर्षों से किसी दानकर्ता की प्रतीक्षा में हैं। एक बेटे के जाने का दुख कभी कम नहीं होगा, लेकिन उसके अंगों से कई घरों के चिराग जलते रहेंगे, कई माताओं के बेटे, कई बच्चों के पिता और कई परिवारों के सहारे बच जाएंगे।

कुलपति डॉ. एच के. अग्रवाल की समझाइश और मानवीय अपील का परिवार पर गहरा असर हुआ। दुख की इस घड़ी में भी आखिर मंगलवार को परिवार ने बड़ी हिम्मत और बड़ा दिल दिखाते हुए अंगदान के लिए हामी भर दी। परिजनों ने युवक के कॉर्निया, हृदय, फेफड़े, लिवर और दोनों किडनी दान करने पर सहमति जताई। डॉ अग्रवाल ने कहा कि यह फैसला न केवल एक परिवार की महानता को दर्शाता है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणादायक मिसाल भी है। इस एक फैसले से एक साथ कई मरीजों को देखने की रोशनी, स्वस्थ जीवन के लिए लिवर व किडनी मिल सकेगी।

इस अवसर पर कुलपति डॉ. एच. के. अग्रवाल ने परिवार का हृदय से धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस असहनीय घड़ी में अंगदान जैसा महान फैसला लेना हर किसी के बस की बात नहीं है। युवक के परिजनों ने यह साबित कर दिया है कि मानवता आज भी जिंदा है। उन्होंने कहा कि युवा अब केवल एक परिवार का बेटा नहीं रहा, वह कई परिवारों के लिए जीवनदाता बन गया है। उसका नाम हमेशा उन लोगों के दिलों में जिंदा रहेगा, जिन्हें उसके अंगों से नई जिंदगी मिलेगी। पीजीआईएमएस परिवार इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है और उनकी इस महानता को हमेशा नमन करेगा। डॉ एच के अग्रवाल ने यह भी कहा कि अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है, ताकि अंगों के अभाव में किसी की जान न जाए।

कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि युवा के परिजनों का यह फैसला पूरे समाज के लिए एक संदेश है। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग अंगदान को लेकर भ्रम और डर के कारण पीछे हट जाते हैं, लेकिन भिवानी के इस परिवार ने दिखा दिया कि सही जानकारी और सही मार्गदर्शन मिलने पर परिवार किस तरह से मानवता के लिए आगे आ सकता है। डॉ रूप सिंह ने युवाओं से भी अपील की कि वे अंगदान के बारे में जानें, अपने परिवार से चर्चा करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें और अंगदान का शपथ पत्र भरें।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर अत्री ने कहा कि ब्रेन स्टेम डेथ के बाद अंगदान की प्रक्रिया पूरी तरह से निर्धारित चिकित्सीय प्रोटोकॉल के अनुसार की जाती है। उन्होंने कहा कि युवा के अंगों को जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाने के लिए सोटो हरियाणा के नोडल अधिकारी डॉ सुखबीर सिंह ओर रोटो व नोटो की टीमें पूरी तत्परता से काम कर रही हैं। अंगों को सुरक्षित निकालने, संरक्षित करने और समय पर प्रत्यारोपण के लिए भेजने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी के बहुमूल्य जीवन को बचाया जा सके।

डॉ सुधीर अत्री ने कहा कि इस युवक के परिजनों के इस महान फैसले के बाद पीजीआईएमएस परिसर में भी भावुक माहौल देखने को मिला। डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने युवा के परिवार के इस फैसले की सराहना की। हर किसी की जुबान पर यही था कि 23 साल की छोटी सी उम्र में युवा ने वह कर दिखाया, जो बड़े बड़े लोग भी नहीं कर पाते। उसका जाना पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, लेकिन उसके अंगदान से कई परिवारों में फिर से खुशियां लौट आएंगी।

सोटो के नोडल अधिकारी डॉ सुखबीर सिंह ने बताया कि अंगदान जैसे विषय पर आज भी समाज में कई तरह की भ्रांतियां हैं। लोग सोचते हैं कि अंगदान करने से शरीर को नुकसान पहुंचता है या परिवार की भावनाओं को ठेस पहुंचती है, लेकिन सच्चाई यह है कि ब्रेन डेथ के बाद अंगदान ही एक ऐसा माध्यम है, जिससे मृतक व्यक्ति कई लोगों के शरीर में जीवित रहता है। एक व्यक्ति के अंगदान से आठ से नौ लोगों को नई जिंदगी मिल सकती है। भिवानी के के परिवार ने इस सच्चाई को समझा और समाज के सामने एक जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया।

डॉ तरुण ने कहा कि पीजीआईएमएस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अंगदान के महत्व को समझें और इस मुहिम का हिस्सा बनें। यदि किसी परिवार के सामने ऐसी कठिन परिस्थिति आती है, तो वे भावुकता में फैसला लेने के बजाय डॉक्टरों से सही जानकारी लें और मानवता के हित में अंगदान के बारे में सोचें। इस युवा की कहानी हमें यही सिखाती है कि मौत भी तब हार जाती है, जब इंसानियत जीत जाती है।

RELATED NEWS

Most Popular