हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) की रोहतक टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोनीपत तहसील कार्यालय में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर मंजीत को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान मंजीत (46) निवासी गांव थाना खुर्द, तहसील खरखौदा, जिला सोनीपत के रूप में हुई है। वह डीआईटीएस नीति के तहत श्रेणी-डी में कार्यरत था। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता से जमीन की तकसीम की नकल उपलब्ध करवाने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपनी जमीन की तकसीम की नकल प्राप्त करने के लिए सोनीपत तहसील कार्यालय में संपर्क किया था। इस काम के लिए उसे कार्यालय के कई चक्कर लगाने पड़े। आरोप है कि इसी दौरान कंप्यूटर ऑपरेटर मंजीत ने नकल उपलब्ध करवाने की एवज में उससे 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। रिश्वत देने का इच्छुक नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत एसवी एवं एसीबी को दी।
शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो की रोहतक टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। इंस्पेक्टर भगत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सोनीपत तहसील कार्यालय में शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए आरोपी मंजीत को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में एसवी एवं एसीबी थाना रोहतक में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

