कविता.रोहतक : नहर स्थित छठ पूजा घाट पर युवक विक्रम की हत्या के मामले में अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
अब पूर्वांचल सेवा समिति ने हत्याकांड से जुड़ी वीडियो या आरोपियों की जानकारी देने वाले को 31 हजार रुपये का इनाम देने का एलान किया है। समिति के प्रधान संजीव ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि प्रशासन ने छठ पर्व के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने का भरोसा दिलाया था, लेकिन इसके बावजूद घाट पर युवक की हत्या हो गई।
छठ की खुशियां मातम में बदलीं, दो भाइयों पर हुआ था चाकू से हमला
दरअसल, छठ महापर्व के दौरान रोहतक के भालौठ नहर स्थित छठ पूजा घाट पर एक मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया था। बिहार मूल का एक परिवार अपने परिजनों के साथ पूजा-अर्चना के लिए घाट पर पहुंचा था। इसी दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि करीब 20 से 25 युवकों ने परिवार पर हमला कर दिया। हमले के दौरान दो सगे भाइयों विक्रम और विक्की को चाकू मार दिए गए। अचानक हुई इस वारदात से घाट पर अफरा-तफरी मच गई और छठ पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं।
22 वर्षीय विक्रम की मौत, भाई विक्की का चल रहा इलाज
हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए पीजीआई रोहतक पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 22 वर्षीय विक्रम को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके भाई विक्की का इलाज शुरू किया गया। विक्रम हिसार रोड स्थित एक फैक्ट्री में सीएनजी मशीन ऑपरेटर के तौर पर काम करता था। परिवार मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के मूसापुर गांव का रहने वाला है और पिछले करीब 30 वर्षों से रोहतक में मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहा है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने मौके पर मौजूद पुलिस और एंबुलेंस कर्मचारियों पर भी लापरवाही के आरोप लगाए थे।
पुलिस की छापेमारी जारी, अब तक आरोपी गिरफ्त से बाहर
हत्याकांड के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। मामले में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, लगातार छापेमारी के बावजूद अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया है। वारदात में शामिल युवकों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है। वहीं, पीड़ित परिवार को अब भी इंसाफ का इंतजार है।
पूर्वांचल सेवा समिति का एलान
आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी के बीच अब पूर्वांचल सेवा समिति ने अपने स्तर पर पहल की है। समिति ने एलान किया है कि जिस किसी के पास इस हत्याकांड से संबंधित वीडियो है या जो आरोपियों तक पहुंचने में मददगार जानकारी दे सकता है, वह समिति के दिए गए मोबाइल नंबर पर वीडियो या जानकारी भेज सकता है। वीडियो उपलब्ध कराने वाले को 31 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। समिति के प्रधान संजीव ने कहा कि छठ पर्व से पहले प्रशासन ने उन्हें सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता होने का भरोसा दिलाया था। इसके बावजूद इतनी बड़ी वारदात हो गई। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

