Rohtak News : वायु प्रदूषण की रोकथाम और शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोहतक नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। GRAP लागू होने के बाद निगम की टीमें लगातार शहर के मुख्य मार्गों और बाजारों में निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। इसी कड़ी में सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंककर गंदगी फैलाने वाले 27 व्यक्तियों के चालान काटकर 12,100 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
नगर निगम आयुक्त सत्येन्द्र दुहन ने बताया कि GRAP के नियमों की अवहेलना करने, गंदगी फैलाने और प्रदूषण की रोकथाम के लिए निगम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए आगामी आदेशों तक भवन निर्माण कार्यों पर रोक लगाई गई है। वहीं, भवन निर्माण सामग्री को ग्रीन मैट से ढकना अनिवार्य किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदूषण की रोकथाम के लिए नगर निगम द्वारा एंटी स्मॉग टावर लगातार संचालित है। इसके अलावा एंटी स्मॉग गन और पानी के टैंकरों के माध्यम से सड़कों तथा पौधों पर पानी का छिड़काव करवाया जा रहा है। शहर में धूल-मिट्टी को नियंत्रित करने के लिए मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई भी करवाई जा रही है।
आयुक्त ने कहा कि नगर निगम की सभी टीमों को नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंककर गंदगी फैलाने वाले 27 लोगों के चालान किए गए और 12,100 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
कूड़े में आग लगाने पर प्रतिबंध
नगर निगम आयुक्त ने शहरवासियों से प्रदूषण नियंत्रण अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि कूड़े में आग लगाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। निगम कर्मचारियों को भी इस संबंध में सख्त निर्देश दिए गए हैं। यदि कहीं कूड़े में आग लगाने का मामला सामने आता है तो इसकी सूचना संबंधित सहायक सफाई निरीक्षक को दें।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कूड़ा इधर-उधर फेंकने के बजाय नगर निगम की कूड़ा संग्रहण गाड़ी में ही डालें। यदि किसी घर, दुकान या संस्थान से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है तो इसकी शिकायत 7303050200 और 7303050800 पर दर्ज करवाई जा सकती है।
वहीं, सफाई कार्य नहीं होने की शिकायत 18001805007 और 8295900992 नंबरों पर या स्वच्छता ऐप के माध्यम से की जा सकती है। आयुक्त ने आश्वासन दिया कि प्राप्त शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान करवाया जाएगा।

