Rohtak News : हरियाणा के रोहतक जिले में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान गांव मोखरा निवासी 42 वर्षीय प्रदीप के रूप में हुई है। बहुअकबरपुर थाना पुलिस जांच कर रही है। वह हरियाणा पुलिस में ASI के पद पर तैनात थे और लंबे समय से सांसद की सुरक्षा में सेवाएं दे रहे थे। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात ड्यूटी खत्म करने के बाद प्रदीप अपने गांव मोखरा लौटे थे। रात करीब 9 बजे वह घर की छत पर बने कमरे में अकेले बैठे थे। इसी दौरान कमरे से अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन घबराते हुए कमरे में पहुंचे तो प्रदीप खून से लथपथ हालत में पड़े मिले।
परिजन उन्हें तुरंत रोहतक के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर बेड पर चेन से बंधी रिवॉल्वर भी मिली।
सूचना मिलते ही बहुअकबरपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए PGI में रखवाया।
प्रदीप वर्ष 2003 में कमांडो बैच में भर्ती हुए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के पीछे की असली वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

