Rohtak News : रोहतक शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में निगम की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने, कूड़े में आग लगाने और सिंगल यूज प्लास्टिक बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
नगर निगम आयुक्त सत्येन्द्र दुहन ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 28 चालान किए गए, जिनके तहत 13,200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इनमें कूड़े में आग लगाने पर 5,000 रुपये का एक चालान, सिंगल यूज प्लास्टिक बेचने पर 500 रुपये का एक चालान और गंदगी फैलाने वालों के 7,700 रुपये के 26 चालान शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए भवन निर्माण कार्यों पर आगामी आदेशों तक रोक लगाई गई है। निर्माण सामग्री को ग्रीन मैट से ढकवाया जा रहा है। एंटी स्मॉग टावर, एंटी स्मॉग गन, पानी के टैंकर और मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से भी प्रदूषण कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि कूड़ा केवल निगम की गाड़ियों को दें, गीले और सूखे कचरे को अलग रखें तथा सिंगल यूज प्लास्टिक और कूड़ा जलाने से बचें।

