कविता.रोहतक : जलघर-1 तक नहर का पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने की योजना नई नहीं है। इससे पहले भी विभाग ने खुले रजवाहे की जगह पाइपलाइन के जरिए पानी पहुंचाने का प्रयास किया था, लेकिन रजवाहे में पाइप बिछाने के लिए सही बैड (आधार) तैयार नहीं हो पाने के कारण यह प्रोजेक्ट सिरे नहीं चढ़ पाया। अब एक बार फिर इसी व्यवस्था को बदलने की कवायद शुरू की गई है।
बोहर स्थित जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) नहर से जलघर-1 तक पानी पहुंचाने के लिए 60 लाख रुपये से अधिक की लागत से पाइपलाइन बिछाई जाएगी। विभाग ने इस बार तैयारियां पूरी होने का दावा किया है और बड़े आकार के पाइप भी मौके पर पहुंच चुके हैं। अब असली चुनौती इस योजना को जमीन पर उतारने की होगी। क्योंकि पहले भी योजना बनाई गई थी, लेकिन तकनीकी अड़चन के चलते काम अधूरा रह गया था। ऐसे में देखना होगा कि इस बार पाइपलाइन बिछाने का काम कितना सफल रहता है।
पहले बैड की समस्या ने रोक दिए थे कदम
जलघर तक पाइपलाइन से पानी पहुंचाने की योजना पर पहले भी काम करने की तैयारी हुई थी। उस समय रजवाहे में पाइप डालने के लिए जरूरी आधार यानी बैड सही तरीके से तैयार नहीं हो पाया था। तकनीकी दिक्कत के चलते पाइपलाइन बिछाने का काम आगे नहीं बढ़ सका और योजना अधर में लटक गई। इसके बाद भी पानी की सप्लाई पुराने तरीके से ही होती रही। अब विभाग ने एक बार फिर इसी प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की तैयारी की है। ऐसे में पिछली बार आई तकनीकी अड़चन का समाधान इस बार कितना कारगर होगा, यह अहम रहेगा।
खुले रजवाहे से गुजरकर जलघर पहुंचता है पानी
फिलहाल बोहर स्थित जेएलएन नहर से जलघर-1 तक पानी खुले रजवाहे के माध्यम से पहुंचाया जाता है। इस दौरान पानी लंबे रास्ते से गुजरता है और इसमें मिट्टी, कचरा व अन्य गंदगी मिलने की आशंका बनी रहती है। यही पानी आगे जलघर में पहुंचता है। विभाग का मानना है कि पाइपलाइन के जरिए सप्लाई शुरू होने से पानी को खुले रजवाहे से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे बाहरी गंदगी मिलने की संभावना कम होगी और जलघर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था में सुधार आएगा।
मौके पर पहुंच चुके हैं पाइप
इस बार परियोजना को पूरा करने के लिए 60 लाख रुपये से अधिक का बजट निर्धारित किया गया है। विभाग की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी किए जाने की बात कही जा रही है। बड़े आकार के पाइप भी मौके पर पहुंचा दिए गए हैं। अब इन्हें बिछाने का काम शुरू किया जाना है। पाइपलाइन के आकार और क्षमता का ध्यान इस तरह रखा जाएगा कि नहर से जलघर तक पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंच सके। हालांकि, पिछली बार तकनीकी कारणों से काम रुकने के अनुभव को देखते हुए इस बार निर्माण की गुणवत्ता और आधार तैयार करने पर विशेष ध्यान देना होगा।
इस बार भी अटका तो खुले रजवाहे से ही पहुंचेगा पानी
परियोजना का उद्देश्य केवल पानी पहुंचाने का रास्ता बदलना नहीं, बल्कि जलघर तक पानी की निर्बाध आपूर्ति और उसकी गुणवत्ता में सुधार करना भी है। लेकिन पिछली योजना का अधूरा रह जाना विभाग के सामने एक चुनौती है। इस बार पाइप मौके पर पहुंचने के बाद उम्मीद जगी है कि काम आगे बढ़ेगा।
अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि रजवाहे में पाइपलाइन बिछाने के लिए उचित आधार तैयार हो पाता है या नहीं। यदि इस बार भी तकनीकी अड़चन दूर नहीं हुई तो 60 लाख रुपये से अधिक की यह कवायद भी पुराने प्रयास की तरह अटक सकती है। फिलहाल योजना की सफलता का पता काम शुरू होने और उसके पूरा होने के बाद ही चलेगा।

