Monday, November 16, 2026
Homeहरियाणारोहतकनवोदय विद्यालय में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा 28 नवंबर को, एडमिट...

नवोदय विद्यालय में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा 28 नवंबर को, एडमिट कार्ड हुए जारी, रोहतक जिले में 10 परीक्षा केंद्र बनाए

रोहतक : केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय, घुसकानी में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी में प्रवेश हेतु जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी) 2027 का आयोजन आगामी 28 नवंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा प्रातः 10:30 बजे शुरू होगी। परीक्षा के लिए विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) जारी कर दिए गए हैं।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि  परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। रोहतक जिला में इस प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रोहतक ब्लॉक में 4, महम व कलानौर में 2-2 तथा सांपला व लाखन माजरा में 1-1 परीक्षा केंद्र स्थापित किया गया है।

उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा के लिए सभी विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन डाउनलोड किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त सभी खंड शिक्षा अधिकारियों की ईमेल आईडी पर भी प्रवेश पत्र भेज दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसी अभिभावक को ऑनलाइन एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में तकनीकी परेशानी आती है, तो वे संबंधित ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बच्चे का विवरण देकर प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा जवाहर नवोदय विद्यालय, घुसकानी (रोहतक) के कार्यालय में संपर्क करके भी प्रवेश पत्र की प्रति प्राप्त की जा सकती है।

चयनित विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय शिक्षा : सुरेंद्र सिंह शेखावत

जवाहर नवोदय विद्यालय, घुसकानी के प्राचार्य सुरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय सीबीएसई से मान्यता प्राप्त एक उत्कृष्ट सह-शैक्षणिक आवासीय विद्यालय है। यहां प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की जाती है। विद्यालय परिसर में बालक एवं बालिकाओं के रहने के लिए अलग-अलग सुरक्षित छात्रावास की व्यवस्था भी उपलब्ध है। विद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित अभिभावकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने बच्चों के प्रवेश पत्र प्राप्त कर लें। साथ ही 28 नवंबर 2026 को प्रातः 10:30 बजे परीक्षा शुरू होने से पर्याप्त समय पहले बच्चों को उनके निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

RELATED NEWS

Most Popular