हरियाणा में कबड्डी खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और प्रदेश की समृद्ध खेल परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा को नया नेतृत्व मिला है। हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार को एसोसिएशन का सर्वसम्मति से चेयरमैन निर्वाचित किया गया है, जबकि अनिल पंवार को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चरखी दादरी में रविवार को आयोजित बैठक में प्रदेशभर से पहुंचे पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सर्वसम्मति से कृष्ण लाल पंवार को चेयरमैन और अनिल पंवार को प्रदेश अध्यक्ष चुना।
विकास एवं पंचायत मंत्री ने कहा कि हरियाणा की पहचान देश के प्रमुख खेल राज्यों में रही है। प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में कबड्डी और कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों की मजबूत परंपरा रही है। गांवों के खेल मैदानों से निकलकर हरियाणा के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रदेश सरकार की खेल नीतियों और केंद्र सरकार की खेल प्रोत्साहन योजनाओं ने भी इस खेल संस्कृति को मजबूत करने तथा नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
हरियाणा सरकार की खेल नीति से खिलाड़ियों को मिल रहे बेहतर अवसर
कृष्ण लाल पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश की खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, छात्रवृत्ति, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं, खेल उपकरण, डाइट मनी और सरकारी सेवाओं में अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर पर पहचानने और उन्हें तराशने के उद्देश्य से प्रदेश में 2,000 खेल नर्सरियां स्थापित की गई हैं। इसके अतिरिक्त 25 आवासीय खेल अकादमियां खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, आवास और खानपान की सुविधाएं उपलब्ध करवा रही हैं। खेल नर्सरियों में 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 1,500 रुपये तथा 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 2,000 रुपये मासिक छात्रवृत्ति देने का प्रावधान है। वहीं, आवासीय खेल अकादमियों में खिलाड़ियों को प्रतिदिन 500 रुपये डाइट मनी दी जा रही है।
विकास एवं पंचायत मंत्री ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों की खेल उपलब्धियों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2026 के कॉमनवेल्थ गेम्स में प्रदेश के खिलाड़ियों ने भारत के कुल पदकों में 28 प्रतिशत से अधिक योगदान दिया। हरियाणा के खिलाड़ियों ने 11 पदक हासिल किए, जिनमें 7 स्वर्ण पदक शामिल रहे। इन उपलब्धियों के लिए प्रदेश सरकार ने 24 खिलाड़ियों को लगभग 13.98 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की।
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष अनिल पंवार ने कहा कि एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक जिले और ग्रामीण क्षेत्र में कबड्डी की खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना है, ताकि गांवों के खेल मैदानों में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के पर्याप्त अवसर मिल सकें। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, खेल अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल उपलब्ध करवाकर हरियाणा की कबड्डी परंपरा को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नवनियुक्त चेयरमैन कृष्ण लाल पंवार तथा प्रदेश अध्यक्ष अनिल पंवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

