Rohtak News : रोहतक में छठ पूजा के दौरान सोमवार सुबह भालौठ सब ब्रांच नहर स्थित घाट पर मामूली कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष हो गया। दो गुटों के करीब 25 युवक आपस में भिड़ गए। इस दौरान चाकू से हमला कर दो सगे भाइयों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। दोनों को रोहतक पीजीआई के ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने विक्रम (18) को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके भाई विक्की (22) का ऑपरेशन चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों भाई मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और डेयरी मोहल्ले में किराये पर रहते हैं। सोमवार सुबह करीब 6 बजे दोनों छठ पूजा करने भालौठ सब ब्रांच नहर स्थित घाट पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि यहां मामूली बात को लेकर कुछ युवकों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के युवक हाथापाई पर उतर आए। इसी दौरान दोनों भाइयों के पेट में चाकू से वार कर दिए गए। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने दाेनों को इलाज के लिए पीजीआई ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने विक्रम को मृत घोषित कर दिया। वहीं इस बार में जानकारी देते हुए आईएमटी थाना के एसएचओ राजकरण ने बताया पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

