Monday, November 16, 2026
Homeदेशकरनाल, रोहतक, पंचकूला, रेवाड़ी, अंबाला और हिसार में तैयार होंगे ई-बस डिपो

करनाल, रोहतक, पंचकूला, रेवाड़ी, अंबाला और हिसार में तैयार होंगे ई-बस डिपो

  • हरियाणा के हर बड़े शहर में होगी ई-बस और ई-बस डिपो की सुविधा
  • हरियाणा रोडवेज 39 श्रेणियों के लोगों को दे रही मुफ्त या रियायती यात्रा सुविधा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को जगाधरी में लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह डिपो यमुनानगर के विकास में एक नया अध्याय जोड़ने के साथ-साथ प्रदेश में हरित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह केवल बस डिपो नहीं, बल्कि हरियाणा के स्वच्छ और हरित भविष्य का पावर हाउस है।

सीएम ने बताया कि इसी वित्त वर्ष में करनाल, रोहतक, पंचकूला, रेवाड़ी, अंबाला और हिसार में भी ई-बस डिपो तैयार हो जाएंगे। अगले वित्त वर्ष में सोनीपत और कुरुक्षेत्र में भी ई-बस डिपो शुरू किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा के प्रत्येक बड़े शहर में इलेक्ट्रिक बस और आधुनिक ई-बस डिपो की सुविधा उपलब्ध हो।

सीएम ने कहा कि वर्ष 2024 में जगाधरी से 5 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र में ग्रीन ट्रांसपोर्ट की शुरुआत की गई थी। उसी वर्ष 12 मार्च को इस डिपो के निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ था। लगभग पौने तीन वर्ष में यह परियोजना पूरी हुई है। उन्होंने इसके निर्माण में योगदान देने वाले इंजीनियरों, श्रमिकों और अधिकारियों की टीम को बधाई दी।

उन्होंने बताया कि इस डिपो में आधुनिक बस कार्यशाला, एक साथ छह बसों को चार्ज करने की क्षमता वाले छह इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन, आधुनिक वाशिंग स्टेशन और सुसज्जित प्रशासनिक भवन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश में हर 50 किलोमीटर पर एक चार्जिंग स्टेशन लगाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और हरित भारत, स्वच्छ भारत के विजन से देश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में व्यापक बदलाव आ रहा है। प्रधानमंत्री का संकल्प भारत को नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन की दिशा में आगे ले जाना है और हरियाणा इस संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

सीएम ने कहा कि आज सिटी बस सेवा शहरी जीवन की आवश्यकता बन चुकी है। हरियाणा सिटी बस सर्विस लिमिटेड प्रदेश में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित कर रही है। वर्तमान में प्रदेश के 10 बड़े शहरों में 155 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। इस वर्ष के अंत तक इनकी संख्या बढ़ाकर 375 कर दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस वित्त वर्ष के बजट में प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों से इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की घोषणा की गई थी। इसी दिशा में 10 शहरों में इलेक्ट्रिक बस डिपो बनाए जा रहे हैं। गत 28 मई को पानीपत डिपो का उद्घाटन किया गया था और आज जगाधरी में दूसरे डिपो का लोकार्पण किया गया है।

सीएम ने बताया कि इसी वित्त वर्ष में करनाल, रोहतक, पंचकूला, रेवाड़ी, अंबाला और हिसार में भी ई-बस डिपो तैयार हो जाएंगे। अगले वित्त वर्ष में सोनीपत और कुरुक्षेत्र में भी ई-बस डिपो शुरू किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा के प्रत्येक बड़े शहर में इलेक्ट्रिक बस और आधुनिक ई-बस डिपो की सुविधा उपलब्ध हो।

पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत यमुनानगर को मिलेंगी 50 बसें

सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत यमुनानगर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, करनाल, पानीपत और रोहतक के लिए कुल 450 इलेक्ट्रिक बसें स्वीकृत हुई हैं। इनमें से 50 इलेक्ट्रिक बसें यमुनानगर को मिलेंगी। इससे शहर में लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी, ऑटो-रिक्शा पर निर्भरता कम होगी तथा लोगों को शहर के भीतर आवागमन की अधिक सुविधाजनक और टिकाऊ व्यवस्था मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों से धुआं और शोर नहीं होता तथा जहरीली गैसों का उत्सर्जन भी नहीं होता। इससे वायु प्रदूषण कम होगा, पेट्रोल-डीजल की बचत होगी और यात्रियों को सुरक्षित एवं आरामदायक सफर मिलेगा।

12 वर्षों में 34 शहरों में बने नए बस अड्डे 

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि सरकार ने हरियाणा राज्य परिवहन को मजबूत बनाने के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल में पानीपत सहित प्रदेश के 34 शहरों में नए बस अड्डों का निर्माण किया गया है, जिन पर लगभग 492 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। हरियाणा रोडवेज अपनी कार्य-कुशलता के कारण देश की श्रेष्ठ परिवहन सेवाओं में शामिल है। प्रदेश में वर्ष 2022 में ही ई-टिकटिंग प्रणाली शुरू की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज केवल परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं कराती, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी निभाती है। रोडवेज द्वारा बुजुर्गों, स्वतंत्रता सेनानियों, दिव्यांगों, कैंसर पीड़ितों और विद्यार्थियों सहित 39 श्रेणियों के लोगों को मुफ्त या रियायती यात्रा सुविधा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हैप्पी कार्ड योजना के तहत गरीब परिवारों को हरियाणा रोडवेज की बसों में सालाना 1,000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा का लाभ दिया जा रहा है। अब तक 29 लाख 57 हजार 441 हैप्पी कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह सरकार की अंत्योदय की भावना और गरीबों के सम्मान का प्रतीक है।

इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व मंत्री  कंवरपाल गुर्जर, यमुनानगर की मेयर सुमन बहमनी, पूर्व विधायक चौ. बलवंत सिंह, मुख्यमंत्री के ओएसडी भोपाल सिंह खदरी, चेयरमैन ईश्वर पलाका तथा प्रदेश मंत्री मदन चौहान सहित परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

RELATED NEWS

Most Popular