Monday, November 16, 2026
Homeहरियाणारोहतकवार्डों में विकास ठप! एकजुट हुए सभी 22 पार्षद; सीएम सैनी से...

वार्डों में विकास ठप! एकजुट हुए सभी 22 पार्षद; सीएम सैनी से लगाएंगे गुहार

कविता.रोहतक : शहर के वार्डों में लंबे समय से अटके विकास कार्यों को लेकर पार्षदों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। कहीं सड़कें अधूरी पड़ी हैं तो कहीं स्ट्रीट लाइटें खराब होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई जगह मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं होने से पार्षदों और वार्डवासियों के बीच भी टकराव की स्थिति बनने लगी है।

पार्षदों का आरोप है कि नगर निगम प्रशासन को बार-बार शिकायत देने और विकास कार्य करवाने की मांग उठाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। इसी नाराजगी के चलते शहर के सभी 22 पार्षद एकजुट होकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। इसमें लंबित विकास कार्यों को जल्द पूरा करवाने और निगम अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई जाएगी।

वार्डों में जनता के सामने जवाब देना मुश्किल

वार्डों में विकास कार्य नहीं होने का खामियाजा पार्षदों को जनता के बीच भुगतना पड़ रहा है। चुनाव के दौरान लोगों से किए गए वादों और विकास की उम्मीदों के बीच अब पार्षदों को अपने ही वार्डवासियों के सवालों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दिनों वार्ड-15 की पार्षद अनिता मिगलानी का वार्ड में विकास कार्य नहीं होने से नाराज लोगों ने पुतला तक फूंक दिया। उनका कहना है कि पार्षद जनता के प्रति जवाबदेह हैं, लेकिन जब विकास कार्य करवाने की जिम्मेदारी नगर निगम की है तो अधिकारियों की उदासीनता का खामियाजा जनप्रतिनिधियों को क्यों भुगतना पड़े। इस तरह की घटनाओं से पार्षदों में नाराजगी बढ़ रही है।

निगम अधिकारियों के सामने उठाया जा चुका है मुद्दा

पार्षदों का कहना है कि वार्डों की समस्याओं को लेकर वे कई बार नगर निगम अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रख चुके हैं। विकास कार्यों के प्रस्ताव देने से लेकर लंबित कामों को शुरू करवाने तक के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहे। वार्ड-20 के पार्षद प्रवीण कौशिक का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को अधिकारियों के सामने बार-बार अपनी मांग रखनी पड़ रही है, जबकि काम तय समय पर पूरे होने चाहिए।

22 वार्डों में स्ट्रीट लाइटों को लेकर अलग-अलग शिकायतें

शहर के सभी 22 वार्डों में स्ट्रीट लाइटों की समस्या भी पार्षदों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। अलग-अलग क्षेत्रों में लाइटें खराब होने और समय पर मरम्मत नहीं होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई जगह अंधेरे के कारण लोगों को रात के समय आवागमन में दिक्कत होती है। पार्षदों का कहना है कि स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था दुरुस्त करवाने के लिए भी निगम अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जाता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा। उनका आरोप है कि छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए भी बार-बार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

जनता के सवालों और निगम की जिम्मेदारी के बीच फंसे पार्षद

पार्षदों का कहना है कि वार्ड में पानी, सफाई, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग सबसे पहले जनता उनसे ही करती है। लोग चुनाव के समय किए गए वादों के आधार पर पार्षदों से जवाब मांगते हैं। ऐसे में जब संबंधित विभाग या निगम अधिकारी काम नहीं करते तो जनप्रतिनिधियों के लिए जनता को संतुष्ट करना मुश्किल हो जाता है।

पार्षदों का मानना है कि नगर निगम प्रशासन को विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करके लंबित कामों को पूरा करवाना चाहिए। अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित किए बिना वार्डों की समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। इसी मुद्दे को अब सभी पार्षद सामूहिक रूप से मुख्यमंत्री के सामने उठाने की तैयारी में हैं।

RELATED NEWS

Most Popular