Saturday, August 8, 2026
Homeहरियाणारोहतकपीजीआईएमएस होगा पेपरलेस : चिकित्सा अधीक्षक बोले- ओपीडी बुकिंग, जांच रिपोर्ट और...

पीजीआईएमएस होगा पेपरलेस : चिकित्सा अधीक्षक बोले- ओपीडी बुकिंग, जांच रिपोर्ट और डिस्चार्ज स्लिप ऑनलाइन उपलब्ध होंगी

रोहतक : पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (पीजीआईएमएस) के नव-नियुक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल ने शुक्रवार को कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब तक शरीर में आखिरी सांस है, मैं उसे बच्चों को स्वस्थ करने में लगाऊंगा। मैंने जीवन में यही ठाना है कि जितना हो सकेगा मानवता की सेवा में लगाऊंगा। यह संपूर्ण जीवन बच्चों और आम जनता की सेवा के लिए समर्पित है।

डॉ. कुंदन मित्तल ने कहा कि हरियाणा सरकार और कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने एक बार फिर मरीजों की निशुल्क सेवा का अवसर देकर जो भरोसा जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा से खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगेे।  कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल से मुलाकात के दौरान डॉ. कुंदन मित्तल ने उन्हें विश्वास दिलाया कि वह संस्थान को उनके साथ मिलकर नई ऊंचाइयों तक ले जाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। डॉ. मित्तल ने कहा कि डॉ. एच.के. अग्रवाल के नेतृत्व में पीजीआईएमएस ने स्वास्थ्य, शिक्षा और शोध के क्षेत्र में कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उनका प्रयास रहेगा कि मरीज सेवा के साथ-साथ अकादमिक गतिविधियों और शोध को भी बढ़ावा मिले।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने डॉ. कुंदन मित्तल को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और कहा कि उनके अनुभव और मेहनत से पीजीआईएमएस में मरीज सेवाओं में गुणात्मक सुधार होगा। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि हम सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए कि सरकार की सुविधाओं को पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सभी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। डाॅ. अग्रवाल ने कहा कि संस्थान हमारे घर की तरह है और हम सभी को मिलकर इसकी उन्नति के लिए प्रयास करना चाहिए।

डीन छात्र कल्याण डाॅ. सविता सिंघल ने डाॅ. कुंदन मित्तल को बधाई देते हुए कहा कि डॉ. कुंदन मित्तल शिशु रोग विशेषज्ञता के क्षेत्र में एक जाना-माना नाम हैं। उन्होंने इससे पहले भी विभिन्न प्रशासनिक और चिकित्सीय पदों पर रहते हुए मरीज सेवा के कई उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। सहयोगी डॉक्टर और स्टाफ उन्हें एक मृदुभाषी और मेहनती अधिकारी के रूप में जानते हैं।

जनसंपर्क विभाग के सीनियर प्रोफेसर इंचार्ज डाॅ. मंजूनाथ ने बताया कि डॉ. कुंदन मित्तल ने 26 जून 2023 को कार्यभार संभालने के बाद मरीज हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए।  उनके कार्यकाल में टेस्ट स्लिप की व्यवस्था समाप्त कर मरीजों को सीधे ओपीडी में सुविधा दी गई। पीकू को शुरू कर प्रदेश भर के गंभीर शिशुओं की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। हर ओपीडी में दवा वितरण और रक्त जांच का अलग काउंटर बनाया गया। हर एचआईवी टेस्टिंग को ओपीडी में ही शुरू किया गया। जहां जीरियाटिक ओपीडी को बढ़ाया गया वहीं अंतिम स्टेज पर पहुंच चुके मरीजों को भर्ती करने के लिए अलग से 30 बेड की व्यवस्था की गई। परिसर में मरीजों की सुविधा के लिए ई-रिक्शा सेवा चलाई गई। डॉ. मंजुनाथ ने बताया कि डॉ. मित्तल ने कई विभागों में नई यूनिट बनवाईं और पूरे प्रदेश के डॉक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ की ट्रेनिंग करवाई।  डाॅ. मित्तल यूएसए सर्टिफाइड ट्रेनर आफ ट्रेनर  है, उनके द्वारा अभी तक करीब 8 से ज्यादा पुस्तकें लिखी जा चुकी है, जिसमें से एक पुस्तक का अनावरण हरियाणा के माननीय राज्यपाल द्वारा किया गया था। डाॅ. कुंदन के प्रयासों से कई वार्डों में नए आईसीयू शुरू हुए। उन्होंने अपने कार्यकाल में खरीद प्रक्रिया को सरल बनाया गया और इमरजेंसी व ट्रॉमा सेवा में व्यापक सुधार हुआ।

डॉ. कुंदन मित्तल ने अपनी आगामी योजनाओं के बारे में बताया कि उनका लक्ष्य पीजीआई को पेपरलेस अस्पताल बनाना है। इसके तहत ओपीडी बुकिंग, जांच रिपोर्ट और डिस्चार्ज स्लिप ऑनलाइन उपलब्ध होंगी।  उन्होंने कहा कि डीएम कोर्स इन पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर शुरू किया जाएगा, जिससे प्रदेश में शिशु मृत्यु दर कम करने में मदद मिल सके। फिजिकल डिसेबिलिटी वाले मरीजों के लिए विशेष सुविधा शुरू की जाएगी। इमरजेंसी-ट्रॉमा सेवाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में टेली-मेडिसिन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी।  डॉ. कुंदन मित्तल ने कहा कि भगवान ने उन्हें मानवता की सेवा का अवसर दिया है। वे इस अवसर को व्यर्थ नहीं जाने देंगे। हरियाणा सरकार और कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने जो भरोसा उन पर जताया है, वह उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर डीन छात्र कल्याण डाॅ. सविता सिंघल, प्राचार्य डॉ मनु राठी,जनसंपर्क विभाग के सीनियर प्रो इंचार्ज डाॅ. मंजूनाथ, डाॅ. अरुण, सचिव श्री संजीव कुमार ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular