Friday, May 1, 2026
Homeदिल्लीमहंगाई का नया झटका : गैस सिलेंडर 3 हजार रुपए के पार,...

महंगाई का नया झटका : गैस सिलेंडर 3 हजार रुपए के पार, 993 रुपए बढ़े दाम

LPG Price Hike : मई महीने की शुरुआत आम लोगों के लिए महंगाई का नया झटका लेकर आई है। 1 मई 2026 से कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर में करीब 993 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत दिल्ली और हरियाणा के क्षेत्रों में करीब 3,071.50 रुपये तक पहुंच गई है। रोहतक सहित हरियाणा के शहरों में भी इसका सीधा असर दिखाई देने लगा है।

यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब पहले से ही बाजार में खाद्य पदार्थों और सेवाओं के दाम ऊंचे स्तर पर हैं। रोहतक में जाट भवन के पास संग्रीला होटल संचालक राजपाल, सागर विला के संचालक अशोक हुड्डा आदि का कहना है कि अब खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ाना लगभग तय हो गया है।

कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल सबसे ज्यादा होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों और ढाबों में होता है। ऐसे में गैस महंगी होने का सीधा असर खाने-पीने की चीजों पर पड़ेगा। चाय, नाश्ता, दाल-सब्जी और थाली के रेट बढ़ना लगभग तय माना जा रहा है। रोहतक के दुकानदारों का कहना है कि पहले ही लागत बढ़ चुकी है, अब गैस के दाम बढ़ने से कीमत बढ़ाना मजबूरी बन जाएगी।

ढाबा संचालकों की बढ़ी चिंता

रोहतक-दिल्ली रोड, शीला बाईपास और शहर और हाईवे पर ढाबा चलाने वाले संचालकों का कहना है कि एक दिन में कई सिलेंडर खर्च होते हैं। महेश कुमार ने बताया कि ऐसे में हर सिलेंडर पर लगभग हजार रुपये की बढ़ोतरी सीधे हजारों रुपये का अतिरिक्त खर्च बन जाएगी। उनका कहना है कि या तो कीमतें बढ़ानी पड़ेंगी या फिर मुनाफा कम करना पड़ेगा।

घरेलू सिलेंडर के दाम अभी नहीं बढ़े

हालांकि राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे घरों में खाना बनाने वाली आम जनता को तुरंत असर नहीं झेलना पड़ेगा, लेकिन बाहर खाने का खर्च जरूर बढ़ेगा।

तीसरी बार बढ़े दाम, लगातार दबाव में बाजार

पिछले दो महीनों में यह कमर्शियल सिलेंडर की तीसरी बड़ी बढ़ोतरी है। फरवरी के अंत से ही कीमतों में लगातार उछाल देखा जा रहा है, जिससे रोहतक समेत पूरे क्षेत्र में व्यापारियों और सेवा क्षेत्र पर दबाव बढ़ता जा रहा है।

चाय-नाश्ते से लेकर थाली तक असर

गैस महंगी होने के बाद सबसे पहले असर छोटे खर्चों पर दिखाई देगा। शहर में मिलने वाली चाय, समोसा, परांठा और थाली जैसे रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों के दाम धीरे-धीरे बढ़ सकते हैं।

रोहतक में डाइट के दाम पहले ही बढ़े, अब और बढ़ोतरी तय

रोहतक में आम आदमी की थाली पहले ही महंगी हो चुकी है। कुछ समय पहले तक जहां साधारण डाइट करीब 60 रुपये में मिल जाती थी, वहीं अब यह 80 रुपये तक पहुंच चुकी है। गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के बाद शीला बाईपास पर प्रतिज्ञा नाम से ढाबा चलाने वाले महेश का कहना है कि आने वाले दिनों में इस डाइट की कीमत और बढ़ सकती है, जिससे आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।

शादी और आयोजनों का बजट बिगड़ेगा

कमर्शियल गैस का इस्तेमाल कैटरिंग और बड़े आयोजनों में भी होता है। ऐसे में शादी-ब्याह और पार्टियों का खर्च बढ़ सकता है, जिससे रोहतक के परिवारों के बजट पर असर पड़ेगा।

छोटे कारोबारियों पर दोहरी मार

पहले से ही महंगे कच्चे माल और बिजली के बिल झेल रहे छोटे कारोबारी अब गैस के बढ़े दाम से और दबाव में आ जाएंगे। इससे कई छोटे व्यवसायों पर असर पड़ेगा।

महंगाई की नई लहर की आशंका

आर्थिक जानकारों का मानना है कि गैस के दाम बढ़ने से फूड सेक्टर के जरिए महंगाई की एक नई लहर आ सकती है, जिसका असर धीरे-धीरे अन्य वस्तुओं पर भी दिखेगा।

RELATED NEWS

Most Popular