कविता.रोहतक : हरियाणा में मानसून की रफ्तार अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है। आधा मानसून सीजन बीतने के बाद भी राज्य में सामान्य से 27 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले दो दिन कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। रोहतक के लिए राहत की उम्मीद है, क्योंकि यहां अब तक सामान्य से 61 प्रतिशत कम बारिश हुई है और जिले का नाम सबसे अधिक वर्षा घाटे वाले जिलों में शामिल है।
रोहतक में मानसून की कमजोर शुरुआत का सबसे ज्यादा असर धान की रोपाई पर दिखाई दे रहा है। जिले के कई इलाकों में पर्याप्त बारिश नहीं होने से खेतों में नमी की कमी बनी हुई है। जिन किसानों के पास सिंचाई के पर्याप्त साधन नहीं हैं, उन्हें बार-बार ट्यूबवेल चलाकर रोपाई करनी पड़ रही है, जिससे लागत बढ़ रही है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर अच्छी बारिश नहीं हुई तो धान की बढ़वार प्रभावित हो सकती है और उत्पादन पर भी असर पड़ने की आशंका रहेगी। आने वाले कुछ दिनों में होने वाली बारिश खरीफ फसलों, खासकर धान की फसल के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
रोहतक में सबसे ज्यादा चिंता
1 जून से 26 जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार रोहतक में सामान्य से 61 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। आधा मानसून गुजर जाने के बावजूद जिले में पर्याप्त वर्षा नहीं होने से खेतों, भूजल स्तर और जलापूर्ति पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई है। राज्य में अब तक 134.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 27 प्रतिशत कम है। जुलाई महीने में भी केवल 95.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 130.2 मिमी मानी जाती है। यानी जुलाई में भी प्रदेश करीब 26 प्रतिशत बारिश की कमी झेल रहा है।
अगले दो दिन तेज बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने हरियाणा के कई जिलों में अगले दो दिन तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
तेज बारिश और बिजली चमकने के समय बरतें ये सावधानियां
- अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
- बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ और ऊंचे स्थानों से दूर रहें।
- जलभराव वाले रास्तों और अंडरपास से गुजरने से बचें।
- मोबाइल चार्जिंग, बिजली के उपकरण और खुले तारों से दूरी रखें।
- वाहन चलाते समय गति धीमी रखें और हेडलाइट का इस्तेमाल करें।
- मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।


