Friday, October 30, 2026
Homeदेशअंतरराष्ट्रीय गीता जयंती पर पहली बार नौसेना, वायुसेना, इसरो और आईसीसीआर भी...

अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती पर पहली बार नौसेना, वायुसेना, इसरो और आईसीसीआर भी प्रदर्शनी में लेंगे भाग

हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के प्रबंधक मंडल की 83वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए गत वर्ष आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि महोत्सव को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सांसद नवीन जिन्दल, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, विधायक  अशोक अरोड़ा, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

राज्यपाल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा के लिए परिवहन सेवाओं और कनेक्टिविटी को और सुदृढ़ करना आवश्यक है। उन्होंने मेला क्षेत्र तक आवागमन को सुगम बनाने, बस सेवाओं का विस्तार करने तथा मेले के दौरान बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे महोत्सव का भरपूर आनंद ले सकें।

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने ‘डिजिटल हेरिटेज ऐप’ तथा ‘कुरुक्षेत्र सारथी मोबाइल ऐप’ का भी शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती समारोह का आयोजन 5 से 25 दिसंबर तक किया जाएगा। इस दौरान अनेक धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लोगों को जागरूक करने के लिए 2 दिसंबर को यात्रा शुरू की जाएगी, जो 48 कोस के क्षेत्र में स्थित 182 तीर्थ स्थलों पर जाएगी। इसके अलावा 4 दिसंबर को पिपली से शोभायात्रा निकाली जाएगी। भागवत कथा, गीता सम्मेलनों के अलावा हरियाणा के गठन के 60 साल पूरे होने पर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। शिक्षाविदों के आयोजनों के अलावा युवाओं को संस्कारवान एवं चरित्रवान बनाने के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल एवं दिल्ली पार्टनर स्टेट के रूप में भाग ले रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती पर लगाई जाने वाली प्रदर्शनी में इसरो, नौसेना, वायुसेना और आईसीसीआर भी भाग लेंगे। इस दौरान शिल्पकार एवं गीता पुस्तक मेला भी लगाया जाएगा। इसमें विश्वस्तरीय शिल्पकार भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर 18 से 20 दिसंबर तक गीता जयंती समारोह आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान प्रदेश के हर गांव के मंदिर में गीता पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा देश के सभी केंद्रीय विद्यालयों एवं जवाहर नवोदय विद्यालयों में भी विद्यार्थियों की सहभागिता की जाएगी।

केडीबी के सदस्य सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयार की गई योजनाओं का विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों, व्यवस्थाओं और तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन को आकर्षक बनाने और अधिक से अधिक लोगों को गीता के संदेश से जोड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ आयोजन के विभिन्न पहलुओं को प्रभावी ढंग से संपन्न करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

RELATED NEWS

Most Popular